
Dhanbad : मेजर के नाम से 20 लाख रुपये की रंगदारी भूली निवासी नीरज सिन्हा से मांगी गई है. बताया जा रहा है कि भूली सी ब्लॉक के नीरज सिन्हा से मंगलवार को व्हाट्सएप के माध्यम से मेजर खान के नाम पर 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई. व्हाट्सएप में लिखा है कि हम मेजर बोल रहे हैं 20 लाख रुपये कैश तुमको देना है. अगर पैसे नहीं दिये तो तुम्हारा खोपड़ी खोल देंगे. जैसे दीपक अग्रवाल को ठोके हैं, वैसे ही तुमको भी ठोक देंगे. बात करके मैनेज करो. इस व्हाट्सएप मैसेज के बाद नीरज सिन्हा का पूरा परिवार दहशत में है. नीरज सिन्हा तेतुलमारी में शराब दुकान में सेल्समैन का काम करता है. मामले को लेकर उन्होंने भूली ओपी थाना में जाकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगायी है. घटना के संबंध में नीरज सिन्हा ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप मैसेज आया था. जिसमें धमकी देते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी. जिसे देखने के बाद भूली ओपी में जाकर लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगायी है. इसके बाद फिर से गुरुवार को व्हाट्सएप में मैसेज आया कि तुम पुलिस के पास गये थे, अब तुमसे पैसा नहीं लेंगे, अब तुम्हें गोली मारेंगे. इसके बाद से पूरा परिवार दहशत में है और रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं इस पूरे मामले में भूली ओपी थाना की पुलिस ने बताया कि नीरज सिन्हा ने मेजर के नाम से रंगदारी मांगने की शिकायत की है. पूरे मामले की जांच की जा रही है.



