Chaibasa

चक्रधरपुर में दिनदहाड़े लूट, नकाबपोश बदमाशों ने गन प्वाइंट पर बंधन बैंक की महिला कर्मी को लूटा, स्कूटी भी लेकर हुए फरार

Chakradharpur: 23 अगस्त को एनएच 75 सड़क मार्ग चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय के पास से दिनदहाड़े एक महिला से पौने तीन लाख की लूट का घटना का मामला अभी तक पुलिस सुलझा भी नहीं पायी है की बुधवार को चक्रधरपुर में दिनदहाड़े एक और लूट का मामला सामने आया है. इस बार भी फिर से महिला को लुटेरों ने चक्रधरपुर में निशाना बनाया है. बंधन बैंक की महिला कर्मी से लुटेरों ने 43 हजार 215 रुपये और उसकी स्कूटी लूट ली. और इस घटना को दिनदहाड़े लूटेरों ने बन्दूक की नोक पर अंजाम दिया है. इस घटना के बाद से पीड़ित महिला काफी डरी और सहमी हुई है. घटना चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के रुंगसाई से मंडलसाई जाने वाले रास्ते में घटी है. पीड़ित बैंक कर्मी का नाम शिखा प्रजापति है. घटना बुधवार की सुबह लगभग 10.30 बजे की बताई जा रही है. घटना को दो अपराधियों ने अंजाम दिया है. अपराधियों ने बंदूक दिखाकर महिला बैंक कर्मी से 43 हजार 215 रुपए और स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक चक्रधरपुर बंधन बैंक में कार्यरत शिखा प्रजापति चक्रधरपुर के टोंकाटोला व रुंगसाई के महिला समूह से पैसे इकट्ठा कर चक्रधरपुर के लोकनाथनगर स्थित बंधन बैंक अपने कार्यालय जा रही थी.

तभी काला कपड़े पहने दो युवकों ने उसे रोक लिया. एक युवक ने अचानक उसकी स्कूटी से चाबी ही निकाल ली. इसके बाद दोनों युवक ने उसे पिस्तौल दिखाकर स्कूटी के डिक्की और उसके पर्स में रखे 43 हजार 215 रुपये छीन लिये. वहीं स्कूटी भी लेकर दोनों अपराधी भाग गए. हालांकि अपराधियों ने उसकी मोबाइल लूटने में असमर्थ रहे. घटना के बाद पीड़ित ने इसकी जानकारी बैंक मैनेजर दिवाकर  कुमार को दी . इसके बाद मैनेजर ने घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित को अपने साथ लेकर चक्रधरपुर थाना पहुंचे. जहां महिला ने चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराया है. पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गयी है. बहरहाल चक्रधरपुर में लगातार अपराधी बेलगाम नजर आ रहे हैं. लूट की घटना दिनदहाड़े एनएच 75 से लेकर ग्रामीण इलाके के सड़कों पर हो रही है. लुटेरों के टारगेट में महिलाएं हैं, ऐसे में चक्रधरपुर में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.

Related Articles

Back to top button