
Ranchi : एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में 28 अगस्त से 2 सितंबर तक संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया गया. हर वर्ष संस्कृत भाषा के महत्व को प्रतिपादित करने के लिए श्रावणी पूर्णिमा के दिन ‘ संस्कृत दिवस ‘ मनाया जाता है. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में देव भाषा संस्कृत में कवितापाठ, गीतापाठ, श्लोक वाचन, भजन आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं.
आज उक्त आयोजन के समापन समारोह में हिंदी तथा संस्कृत के विद्वान सह रांची विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष जंग बहादुर पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. सामूहिक वैदिक महाहवन के साथ समारोह का शुभ आरंभ हुआ. प्राचार्य संजीत कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से विद्यालय प्रांगण में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है, साथ ही कंप्यूटर के लिए भी सबसे उपयुक्त भाषा है. यह विश्व की प्राचीनतम भाषा है. विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने, निज संस्कृति पर अभिमान करवाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है.
मुख्य अतिथि जंग बहादुर पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि हर विद्यालय में वर्ष भर संस्कृत भाषा को प्रोत्साहन देने के लिए विविध आयोजन किये जाने चाहिए. संस्कृत का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ रहा है, क्योंकि यह एक वैज्ञानिक भाषा है. संस्कृत ने उन्हें विश्व पटल पर ख्याति दिलायी है. उक्त कार्यक्रम में सप्ताह भर आयोजित प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करनेवाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया. बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा शिक्षक – शिक्षिकाओं ने उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया.
इसे भी पढ़ें – तबादले के पांच माह तक योगदान नहीं करनेवाले राप्रसे अफसर को सचेत रहने की चेतावनी



