JharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsNEWSRanchi

के. रविकुमार ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, रांची डीसी को विभागीय कार्रवाई करने का दिया निर्देश

Ranchi: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रविकुमार ने रांची, हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सत्यापन के धीमे कार्य पर नाराजगी जाहिर की है. अपने कार्यालय परिसर के हॉल में उन्होंने रांची में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य और “डोर टू डोर” मतदाता सत्यापन कार्य की समीक्षा के क्रम में इसे लेकर रांची के डीसी को कुछ जरूरी निर्देश भी दिए. इस दौरान उन्होंने रांची, हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सत्यापन का धीमा कार्य देखकर डीसी राहुल कुमार सिन्हा को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में निर्वाचन के कार्य में पदाधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उन पर अविलंब विभागीय कार्रवाई करें.
इसे भी पढ़ें: IT डिपार्टमेंट को साइबर फॉरेंसिक सलाहकार और विश्लेषक की जरूरत, जानें क्या हैं शर्तें…

के. रविकुमार ने कहा कि हर बार यही संज्ञान में आता है कि रांची के मतदाता अच्छे प्रतिशत में वोट नहीं करते हैं. यह बात यहाँ के मतदाताओं, निर्वाचन से जुड़े सभी कर्मियों और पदाधिकारियों के लिए गंभीरता के साथ चिंतन करने योग्य है. रविकुमार ने कहा कि इस बार के चुनाव में कोई भी वोटर छूटे नहीं, इस उद्देश्य से हमें साथ मिलकर एक टीम भावना के साथ काम करना है. इसके लिए निर्वाचन विभाग द्वारा घर घर जाकर मतदाता सूची को सत्यापित करने एवं जो अर्हता प्राप्त मतदाता हैं, उन्हें मतदाता सूची में जोड़ने और उनका पहचानपत्र निर्गत करने का काम किया जा रहा है.

मतदाता सूची से मृतकों का हटाएं नाम 

समीक्षा के दौरान के. रविकुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्र की मतदाता सूची में वैसे मतदाता जिनकी मृत्यु हो गयी है और उनका नाम अभी भी सूची में मौजूद है, उनका नगर निगम से निर्गत मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर मतदाता सूची से नाम विलोपित करने का काम हो. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निदेशित किया कि कोई मतदाता छूटे नहीं, सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज हो जाए, सभी का वोटर आईडी बन जाए, इसके साथ ही हर मतदाता का वेरिफिकेशन कर लें कि मतदाताओं का विवरण सही है या नहीं.

डोर टू डोर प्रोग्राम की देखी हकीकत

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शनिवार को रांची के हटिया विधानसभा (64) क्षेत्र अंतर्गत शहरी क्षेत्र के अलग अलग इलाकों में घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की. इलाही नगर, संजीवनी नगर एवं ज़ाकिर कॉलोनी में वोटरों से मतदाता सूची से जुड़े मामलों से संबंधित उनकी शिकायतों व सुझावों को जाना. उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि उनके परिवार में कोई पात्र मतदाता छूट तो नहीं गया है. बीएलओ उनके घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं कि नहीं. मतदाता सत्यापन के उपरांत घर-घर के बाहर स्टीकर लगाए गए हैं या नहीं. इस क्रम में उन्होंने एक अपार्टमेंट व दो स्लम इलाके के मतदाताओं के बीच बैठकर उनसे सामूहिक विमर्श भी किया.

इस मौके पर कुछ मतदाताओं ने बताया कि वे अर्हता रखते हैं परंतु अभी तक उनका वोटर आईडी कार्ड नहीं बन पाया, वहीं कुछ ऐसे भी मतदाता मिले जिनका वोटर आईडी कार्ड दूसरे राज्य, जिले एवं विधानसभा क्षेत्र का बना हुआ है परंतु काफी समय से इस क्षेत्र में रहने के कारण वे अपने मत का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं. इन सब के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन लोगों का सूची में नाम नहीं है उनके लिए अभियान चलाएं.

Related Articles

Back to top button