
Pakur : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में चार ट्रक चालकों से की गयी डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. शुक्रवार को पुलिस कप्तान शैलेन्द्र प्रसाद बर्णवाल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 13 जुलाई 2018 को अपराधियों ने ट्रक रोक कर चार ट्रक चालकों से लगभग एक लाख रुपये एवं मोबाइल लूट लिये थे. उसके बाद पुलिस अधीक्षक ने टीम गठित करते हुए मुफ्फसिल थाना प्रभारी संतोष कुमार एवं पुलिस अवर निरीक्षक दिनेश कुमार को कांड के खुलासे की जिम्मेवारी सौंपी थी.
इसे भी पढ़ेंःबोकारो डीसी के फैसले से सरकार को होता 3.5 करोड़ का नुकसान, जिसे मिली थी कौड़ी के भाव जमीन उसी ने बढ़ायी बोली
मोबाईल लोकेशन के आधार पर अपराधियों तक पहुंची पुलिस
एसपी शैलेन्द्र प्रसाद बर्णवाल ने बताया कि डकैती की घटना का खुलासा काफी चुनौती भरा था. पुलिस लुटे गये मोबाईल फोन पर ध्यान केंद्रित की हुई थी. जैसे मोबाईल फोन ऑन किया गया, तुरंत पुलिस ने छापेमारी कर ट्रक संख्या डब्लूबी 57डी/0104 के चालक सलाम शेख से लूटे गये मोबाईल के साथ ट्रक चालक अलिउर रहमान (पश्चिम बंगाल के फरक्का थाना निवासी) को धर दबोचा.
पुलिसिया पूछताछ के बाद अलिउर ने डकैती में शामिल चालक अनवर सहित सात अन्य अपराधियों के नाम बताये. एसपी ने बताया डकैती में बंटी शेख, समद शेख,कलाम शेख,वहीदुल शेख,रफीकुल शेख,मखनल शेख, कालू शेख के शामिल होने की बात स्वीकारी है.




