
Ranchi : बुधवार को मेयर आशा लकड़ा का गुस्सा सहायक नगर आयुक्त पर उतरा. रांची नगर निगम की स्थापना शाखा की समीक्षा बैठक हुई. इस दौरान वे सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार पर जम कर बरसीं. कहा कि एक महत्वपूर्ण पद पर होने के नाते वे स्थापना शाखा और विधि शाखा के प्रभारी हैं.
फिर भी उनके स्तर से विधि संबंधी परामर्श लिये बिना ही संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों की फाइल कार्य विस्तार के लिए बढ़ा दी गयी. इसमें झारखंड नगरपालिका अधिनियम की अनदेखी की गयी है. भविष्य में इस प्रकार की गलती पाये जाने पर सहायक नगर आयुक्त पर कार्रवाई की जायेगी.
दो दिन में संविदाकर्मियों की तैयार होगी रिपोर्ट
निगम की स्थापना शाखा की समीक्षा बैठक में राज्य सरकार के माध्यम से संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों की कार्य प्रणाली और उनकी संविदा अवधि के विस्तार पर चर्चा हुई. मेयर ने स्थापना शाखा के अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिया. कहा कि संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों का कार्य विस्तार झारखंड नगरपालिका अधिनियम में निहित प्रावधानों के तहत किया जाना चाहिए.
इसके तहत संविदा कर्मियों की सेवा विस्तार का मामला स्थायी समिति की बैठक में लाना जरूरी है. इसके बाद ही उनके कार्य विस्तार से संबंधित दस्तावेज राज्य सरकार और नगर विकास विभाग को भेजा जायेगा. वर्तमान स्थिति दोबारा सामने आने पर संबंधित कर्मी का वेतन भुगतान निगम की ओर से नहीं किया जायेगा.
संविदा कर्मियों का विवरण होगा तैयार
रांची नगर निगम में सरकार द्वारा नियुक्त संविदा कर्मियों की संख्या और संबंधित कर्मियों का विवरण तैयार किया जायेगा. मेयर के आदेश से अब स्थापना शाखा यह भी देखेगा कि ऐसे कर्मी कब से काम रहे हैं, इससे संबंधित दस्तावेज दो दिनों के अंदर तैयार किया जाना है. इसके अलावे अनुकंपा पर कार्यरत कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जानी है. ऐसे अधिकारी जो तीन वर्षों से अधिक समय से निगम में काम कर रहे हैं, उनकी सूची भी मांगी गयी है.




