
Khunti: मणिपुर में पिछले तीन महीने से हो रही हिंसक घटनाओं के खिलाफ रविवार को खूंटी में ऑल चर्चेस कमिटी के आह्वान पर सैकड़ों लोगों ने मौन जुलूस निकाला. मौन जुलूस में शामिल लोग मणिपुर हिंसा के विरोध में लिखे नारों से जुड़ी तख्तियां हाथो में लिए चल रहे थे. जिसमें लिखा था – मणिपुर में हिंसा की घटनाएं बन्द करो, आदिवासियों को न्याय दो, मणिपुर में अमानवीय कृत्य करने वाले दोषियों को सजा दो, चर्चों पर हमला करना बंद करो, केंद्र सरकार चुप्पी तोड़ो, आदिवासियों पर अन्याय अत्याचार बन्द करो.

ऑल चर्चेस कमिटी खूंटी के नेतृत्व में मणिपुर अत्याचार मामले में निकाला गया मौन जुलूस कचहरी मैदान से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, मेन रोड होते हुए नेताजी चौक होकर वापस संत मिखायल स्कूल परिसर में पहुंचने के बाद सभा मे तब्दील हो गयी. मौन जुलूस में खूँटी डायोसिस के रोमन कैथोलिक विशप विनय कंडुलना, जीईएल चर्च, सीएनआई चर्च के विशप, पादरी, सिस्टर, आम ग्रामीण महिला पुरुष और भारी संख्या में युवा भी शामिल थे.

मौन जुलूस में शामिल आरसी चर्च खूंटी डायोसिस के बिशप विनय कंडुलना ने इस मौके पर कहा कि आज मौन जुलूस के माध्यम से हम सभी मणिपुर में सामाजिक समरसता के साथ लॉ एंड आर्डर बेहतर हो सके इसकी अपेक्षा करते हैं, साथ ही मणिपुर के आदिवासियों के दुख में सहभागी होने के लिए जुलूस निकाला गया है. हम सभी ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि मणिपुर में जल्द शांति बहाल हो.




