Ramgarh

रामगढ़ में ब्रांडेड शराब की बोतलों में भरी जा रही अरुणाचल की सस्ती शराब, QR कोड भी नकली

Ramgarh: सहायक आयुक्त उत्पाद अजय कुमार गोंड व उनकी टीम रविवार को गोला थाना पुलिस के साथ गोला थाना अंतर्गत बंदा बाजारटांड़ क्षेत्र में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान टीम के द्वारा बड़ी संख्या में अरुणाचल प्रदेश में बिकने वाली शराब की बोतलें, झारखंड में बिकने वाले नामी ब्रांड की शराब की खाली बोतलें, नकली होलोग्राम, क्यूआर कोड व लेबल आदि जब्त किया गया. इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त उत्पाद अजय कुमार गोंड ने बताया कि उनके द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर गोला थाना के सहयोग से बन्दा बाजार टांड क्षेत्र में छापेमारी की गई थी. इस दौरान एक व्यक्ति के घर से बड़ी संख्या में अरुणाचल प्रदेश में बिकने वाली शराब यथा ब्लैक हॉर्स, नाइटगर्ल, झारखंड में बिकने वाले नामी ब्रांड की खाली बोतलों, नकली होलोग्राम, सील, क्यूआर कोड व होलोग्राम आदि जब्त किया गया. अजय गोंड द्वारा बताया गया कि स्थल पर सस्ती शराब को महंगी शराब की खाली बोतलों में भरकर नकली होलोग्राम, सील व लेबल लगाने के उपरांत बाजार में उतारने का कार्य किया जा रहा था. इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. गौरतलब हो कि शराब की बोतलों पर क्यूआर कोड अंकित होता है अगर किसी व्यक्ति द्वारा क्यूआर कोड को अपने मोबाइल फोन से स्कैन किया जाए तो शराब के असली होने की जानकारी प्राप्त होती है पर नकली होलोग्राम पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करने पर या तो क्यूआर कोड स्कैन नहीं होगा अथवा एरर का संदेश प्राप्त होगा.

Related Articles

Back to top button