
Jharia : छात्र नेता रंजीत सिंह के हत्या के खिलाफ कोयलांचल बंद कराया गया है. सभी दल के नेताओं ने झरिया के दुकानों को बंद कराया. साथ ही जिला प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए. कार्यकर्ताओं ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर बनियहिर के समीप आग जलाकर पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी की. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद समर्थकों को वहां से खदेड़ा. जिसके बाद वहां मौजूद ग्रामीण उग्र हो गए.
इसे भी पढ़ेंः धनबाद: जेवीएम नेता व साइट इंचार्ज रंजीत सिंह की हत्या, पुलिस को पता था धमका रहे हैं गुंडे, कुछ नहीं किया
सुरक्षा की लगाई थी गुहार
गौरतलब है कि मंगलवार की शाम हुए झाविमो नेता रंजीत सिंह की हत्या के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता बुधवार को सड़क पर उतरे. इससे पहले मंगलवार देर रात झाविमो नेताओं ने असर्फी अस्पताल के पास सड़क जाम किया था और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की थी. घटना के बाद अस्पताल पहुंचे ग्रामीण एमपी को भी घरवालों ने काफी खरीखोटी सुनाई थी. उल्लेखनीय है कि नेता रंजीत सिंह ने धनबाद एसएसपी को पत्र लिखकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी. उन्होंने एसएसपी से मिलने का समय मांगा था, लेकिन एसएसपी ने मिलने का समय नहीं दिया था. जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गयी. इस पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही भी साफ-साफ नजर आ रही है. इसके कुछ तथ्य भी हैं.
तथ्यः
- 08 अगस्तः कोयले के आउटसोर्सिंग का काम देख रहे रंजीत सिंह के मोबाइल पर फोन आता हैः जेल से गैंग्स आफ वासेपुर का आदमी बोल रहा हूं. रंगदारी नहीं देने का अंजाम बुरा होगा. जिसको खबर करना है कर लेना. रंजीत सिंह ने स्थानीय थाना को सूचना दी, कोई कार्रवाई नहीं हुई. 10 अगस्त को एसएसपी को भी लिखित आवेदन दिया. जिसकी प्रति डीजीपी, डीआईजी और सिटी एसपी को भी भेजी.
- 20 अगस्तः मुख्यमंत्री रघुवर दास का बयान आया कि कोयला कारोबार में माफियागिरी को खत्म करें.
- 21 अगस्त, दिन के 11.00 बजेः झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में कहा कि कोयलांचल में कानून का राज नहीं है. श्री मरांडी ने एसएसपी से बात की औऱ उनसे मांग की कि जेवीएम नेता रुपेश पासवान पर फायरिंग करने वाले को गिरफ्तार करें.
- 21 अगस्त दिन के 2.00 बजेः रंजीत सिंह ने एसएसपी से मिलकर रंगदारी मांगे जाने की जानकारी दी. मीडिया में आयी खबर के मुताबिक, इससे पहले रंजीत सिंह ने एसएसपी को पत्र लिखकर अपनी हत्या की आशंका भी जतायी थी.
- 21 अगस्त शाम 5.00 बजेः अपराधियों ने कुसुंडा रेलवे साइडिंग के पास रंजीत सिंह की कार पर फायरिंग करके उनकी हत्या कर दी.
- इससे पहले 19 मई को आउटसोर्सिंग कंपनी से जुड़े संदीप मोदी उर्फ टेनू मोदी की हत्या भी अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी. संदीप मोदी की हत्या भी रंजीत सिंह की तरह ही की गयी थी, जब वह बाईक से घर लौट रहे थे.
इसे भी पढ़ेंः JVM नेता की हत्या के विरोध में धनबाद बंद, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता
क्या है मामला
रोज की तरह सोमवार की शाम भी रंजीत सिंह अपना काम खत्म कर केंदुआडीह थाना क्षेत्र के गोंदुडीह से अपने घर बनियाहिर स्विफ्ट डिजायर से जा रहे थे. इस बीच उनकी गाड़ी जैसे ही कुसुंडा रेलवे फाटक के पास बने जरकिंग पर धीमी हुई वैसे ही पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिल सवार चार अपराधियों ने उनपर गोलियां की बौछार कर डाली.
इसे भी पढ़ें- धनबादः JVM नेता व कोल ट्रांसपोर्ट कंपनी इंचार्ज रंजीत सिंह की हत्या और SSP का हास्यास्पद बयान
बाइक सवार चार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों कि माने तो उसके बावजूद उनका ड्राइवर स्विफ्ट डिजायर भगाता रहा और अपराधी उनका पीछा कर गोलिया दागते रहे. रंजीत सिंह समेत दो लोग इस गोलीबारी में घायल हो गए. दूसरा घायल उनका साथी मुन्ना सिंह बताया जा रहा है. जिन्हें इलाज के लिए धनबाद के असर्फी अस्पतला भेजा गया. जहां इलाज के दौरान जेवीएम युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष व बीकेबी के साइट इंचार्ज रंजीत सिंह की मौत हो गई है.




