
Principal Correspondent
Ranchi: मिशन 2024 के लिए भाजपा ने कमर कस ली है. पूरे जून महीने महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है. केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन- जन तक पहुंचाने की रणनीति तय हुई है. कमोबेश हर दिन पार्टी के नेता, कार्यकर्ता फिल्ड में नजर आने लगे हैं. जहां भी वे आपस में बैठ रहे हैं, टिफिन लेकर आने का प्रयास जरूर करते हैं. यहां तक कि होटलों में भी अगर बैठना हो तो अपनी टिफिन व्यवस्था लेकर ही सब जुट रहे हैं. झारखंड के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव नरिंद्र सिंह रैना गुरुवार को हजारीबाग और रामगढ़ दौरे पर हैं. इस क्रम में यहां भी पार्टी कार्यकर्ता होटलों में भी टिफिन लेकर ही साथ जुटेंगे. पार्टी इसे अपने सामाजिक समरसता, सौहार्द्र बढ़ाने का एक तरीका बता रहे हैं. इसकी खूब चर्चा भी हो रही है.
इन नेताओं ने संभाला है मोर्चा
भाजपा ने फिलहाल राज्य की 14 लोकसभा सीटों के लिए पहले चरण में विशेष प्लान बनाया है. अलग अलग क्लस्टर में लोकसभा सीटों को तय करते उसके लिए प्रमुख नेताओं को मोर्चा संभालने की जिम्मेदारी सौंपी है. इन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक ले जाने का जिम्मा मिला है. इस क्रम में सिंहभूम (एसटी) और राजमहल (एसटी) सीटों के लिए केंद्रीय रेल राज्य मंत्री दानवे रायसाहब दादाराव को जिम्मा दिया है. जल शक्ति मंत्री (यूपी) स्वतंत्र देव को भी इस सीट के लिए लगाया गया है. इसी तरह गिरिडीह, दुमका, कोडरमा और गोड्डा के लिए भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे तथा मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल को टास्क मिला है. चतरा, हजारीबाग, लोहरदगा और धनबाद के लिए सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ नरेंद्र सिंह रैना को मोर्चे पर लगाया गया है. जमशेदपुर, खूंटी, रांची और पलामू (एससी) के लिए अल्पसंख्यक मंत्री जॉन बारला तथा सांसद संगीता यादव को जवाबदेही मिली है. इसके अलावा इन क्लस्टरों के लिए प्रदेश भाजपा की ओर से भी पांच नेताओं मिस्त्री सोरेन, राकेश प्रसाद, मनोज सिंह, जवाहर पासवान और गणेश मिश्रा को इंचार्ज बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें: जमीन घोटाले मामले में अमित अग्रवाल व दिलीप घोष को कोर्ट में किया गया पेश, ईडी ने पूछताछ के लिए मांगी रिमांड




