DeogharGoddaJharkhandLead NewsNEWSRanchi

देवघर में प. बंगाल के जमीन माफिया का फैल रहा कारोबार, बाबूलाल मरांडी ने CBI और ED से किया जांच का अनुरोध, गोड्डा सांसद ने भी जतायी सहमति

Ranchi: पूर्व सीएम और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने संताल परगना खासकर देवघर में धड़ल्ले से जारी जमीन के अवैध कारोबार पर चिंता जतायी है. गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने भी उनसे सहमति जतायी है. बाबूलाल के मुताबिक रांची की तरह देवघर में भी बड़े पैमाने पर कागजातों की हेरा फेरी और जालसाजी कर जमीन घोटाला हुआ है. यह सिलसिला जारी है. सोमवार को सोशल मीडिया पर अपनी चिंताओं को साझा करते कहा है कि एम्स एवं एयरपोर्ट स्थापना की गयी है. साथ ही बाबा वैद्यनाथ के विश्वव्यापी महत्व के चलते देवघर की जमीन पर न सिर्फ झारखंड बल्कि सीमावर्ती राज्य पश्चिम बंगाल के जमीन माफियाओं की भी नजर रही है. वहां के कुछ मामलों की जांच सीबीआई भी कर रही है. फिर भी जमीन घोटाले का गोरखधंधा जारी है.

बाबूलाल मरांडी की मानें तो देवघर में हो रहे जमीन घोटाले गोरखधंधे का अंतरराज्यीय संबंध रांची की तरह बंगाल से है. सीबीआई (CBI) और ईडी (ED) डायरेक्टर से अनुरोध करते बाबूलाल ने कहा है कि रांची की तरह देवघर में कागजातों की हेराफेरी कर हो रहे जमीन घोटाले की विस्तार से जांच का काम अपने हाथ में लें. सोशल मीडिया के जरिये उन्होंने पीएमओ, गृह मंत्रालय, इन्कम टैक्स विभाग, देवघर डीसी और झारखंड सीएमओ को भी इस ओऱ ध्यान देने को कहा है.

क्या कहते हैं सांसद

निशिकांत दुबे ने बाबूलाल की चिंताओं को जायज मानते कहा है कि राज्य के पहले सीएम होने के साथ साथ वे संताल परगना के नस नस को जानते हैं. देवघर में मंदिर, ट्रस्ट, धर्मशाला की जमीन को बेचने की होड़ लगी है. इसके अलावा एसपीटी (SPT) कानून को धत्ता बताकर गलत कागज पर भी जमीन की खरीद बिक्री हो रही है. एलपीसी (LPC) भ्रष्टाचार का सर्टिफिकेट बन गया है.

इसे भी पढ़ें: जेएसएलपीएस के छह अफसर-कर्मी पर गिरी जांच की गाज, भारी वित्तीय अनियमितता का आरोप

 

Related Articles

Back to top button