
Chaibasa: ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. ये हादसा तब हुआ, जब मालगाड़ी, कोरोमंडल एक्सप्रेस और हावड़ा एक्सप्रेस तीन ट्रेनों की टक्कर हुई. हादसे में अब तक 280 लोगों की मौत होने की खबर है. 900 से ज्यादा लोग घायल हैं. पीड़ितों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे राहत बचाव कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं.
वहीं ओडिशा सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है. आज ओडिशा में उत्सव नहीं मनाए जाएंगे. मौके पर रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव और ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक पहुंच चुके हैं. दोनों घटना स्थल का जायजा ले रहे हैं. रेल मंत्री ने कहा है कि घटना को लेकर उच्च स्तरीय जांच बिठा दी गयी है. उन्होंने घटना पर गहरी संवेदना भी प्रकट की है. रेलवे के द्वारा मृतकों को 10 लाख और घायलों को 2 लाख के मुआवजे की घोषणा की गई है. पीएम राहत कोष से भी मृतकों को 2लाख और घायलों को 50 हजार के मुआवजे की घोषणा की गई है.




