
Ranchi: ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम करीब 6:51 बजे ट्रेन हादसे में अबतक 233 लोगों की मौत हो गई है. 900 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. इससे पहले 50 फिर 70 यात्रियों की मौत की जानकारी आई थी, देर रात यह संख्या बढ़कर 120 तक पहुंची थी. साथ ही 350 से अधिक जख्मी बताए गए थे. हालांकि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है. ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में 233 लोगों की मौत हो चुकी है और 900 लोग घायल हैं.
हादसे के बाद कई ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है. इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द किया गया है और एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का रूट भी डायवर्ट किया गया है. रेल कर्मी हादसे के बाद रूट को दुरुस्त करने का काम कर रहे हैं.
ये ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेगी
खड़गपुर-भद्रक रेलखंड के अंतर्गत ट्रेन संख्या 12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस के दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के कारण ट्रेन संख्या 12876 आनंदविहार – पूरी एक्सप्रेस ट्रेन यात्रा प्रारम्भ दिनांक 02/06/2023, अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग राजाबेड़ा – बोकारो स्टील सिटी – मूरी – चांडिल – सिनी – डांगोवापोसी – जरोली – नयागड़ – जखपुरा होकर चलेगी.
वहीं रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है.

रेल दुर्घटना के बाद 18 ट्रेन रद्द
ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम हुए तीन ट्रेन से जुड़े भीषण हादसे के बाद लंबी दूरी की 18 ट्रेन को रद्द कर दिया गया. 12837 हावड़ा-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12863 हावड़ा-बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12839 हावड़ा-चेन्नई मेल रद्द कर दी गई. 12895 हावड़ा-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20831 हावड़ा-संबलपुर एक्सप्रेस और 02837 संतरागाछी-पुरी एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई है.




