Crime NewsGiridihNEWS

गिरिडीह में कांग्रेस के जमुआ प्रखंड अध्यक्ष पर लगा महिला से छेड़खानी का आरोप, तो महिला के पति पर लगा रिवाल्वर से धमकाने का आरोप

Giridih: कांग्रेस पार्टी के जमुआ प्रखंड अध्यक्ष पर एक महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. कांग्रेस नेता पर छेड़खानी की शिकार महिला के पति पर रिवाल्वर सटाने का भी आरोप लगा है. पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष महशर इमाम गंभीर आरोपों से घिर गए हैं. इसमें महिला ने कहा है कि वह अपनी खरीदी गई जमीन पर काम करवा रही थी. इसी बीच महशर पहुंचे और गाली देने लगे. महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान महशर द्वारा गलत हरकत भी की गई. महिला का कहना है कि महशर द्वारा पूर्व में भी जमीन छोड़ने का दबाव बनाया गया था. अपने आवेदन में महिला का कहना है  कि महशर दबंग किस्म का व्यक्ति है. जब भी वह अपनी जमीन पर जाती है तो महशर कई लोगों को लेकर पहुंच जाता है और धमकी देता रहता है.

दूसरी तरफ महशर के भाई द्वारा छेड़खानी का आरोप लगनेवाली महिला के पति पर रिवाल्वर सटाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है. दर्ज प्राथमिकी में महशर के भाई मो मंजर इमाम का कहना है कि उनकी खरीदगी जमीन पर जबरन ट्रेंच काटा जा रहा था. मना करने पर विपक्षी लोगों ने हमला बोल दिया. उन्होंने कहा कि उसके कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर जान मारने की धमकी दी गई. पुलिस ने दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की पुष्टि की है.

क्या कहना है प्रखण्ड कांग्रेस अध्यक्ष महशर का

पूरे मामले पर कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष महशर इमाम का कहना है जमीन विवाद में उनपर झूठा आरोप लगाया गया है. उनकी जमीन है जिसपर महिला व उसके घरवाले कब्जा करना चाहते हैं. जमीन का मामला न्यायालय में भी लंबित है इसके बावजूद जमीन पर कब्जा का प्रयास किया गया. विरोध करने पर पहले मेरे भाई की कनपटी पर रिवाल्वर सटाया गया और फिर मेरे खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करवाया गया. यह सब एक मुखिया के इशारे पर किया गया है. इधर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह से जब मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उनके मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पाया. वहीं कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने पुलिस के जांच का हवाला देकर स्पष्ट कुछ भी कहने से इंकार कर दिया.

Related Articles

Back to top button