
Ranchi: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि संकाय में मंगलवार से दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद मीट (खेल – 2023) का आयोजन आरएसी खेल मैदान में किया जा रहा है. खेल-कुद मीट का उदघाटन समारोह मंगलवार अपराहन 3.30 बजे से रखा गया. उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह होंगे. इस प्रतियोगिता में 100 मी. , 200 मी., 400 मी., 800 मी. एवं1500 मी. पुरुष एवं महिला दौड़, 4 x 100 मी. पुरुष एवं महिला रिले दौड़, पुरुष एवं महिला लॉन्ग जम्प, हाई जम्प, शोर्ट पूट, डिस्कस थ्रो, जवेल्लिन थ्रो स्पर्धा आयोजित की जायेगी. बुधवार को आयोजित समापन समारोह की अध्यक्षता पूर्व एसोसिएट डीन (बायोटेक्नोलॉजी) डॉ जेडए हैदर करेंगे. यह जानकारी गेम्स एवं स्पोर्ट्स प्रभारी डॉ नीरज कुमार ने दी.
बीएयू छात्रों ने ग्रामीण कार्यानुभव अध्ययन में भाग लिया
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वानिकी संकाय के यूजी कोर्स के अंतिम वर्ष (सत्र 2019-23) के छात्रों का दल सोमवार को कांके प्रखंड अधीन ग्राम रोल, पंचायत हुसीर का भ्रमण किया. इस दौरान छात्र दल ने ग्रामीण कार्यानुभव अध्ययन कार्यक्रम अधीन स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गाँव के संसाधनों को समझने के लिए राजस्व मानचित्र एवं ग्रामीण सहभागिता आकलन (पीआरए) के माध्यम से संसाधन मानचित्र को बनाया.
इस अवसर पर छात्रों ने पूर्व मुखिया कैलाश उराव, ग्राम प्रधान विनोद उराव तथा अन्य ग्रामीणों से वानिकी, कृषि वानिकी एवं विश्व वानिकी दिवस से सबंधित जानकारियों को आपस में साझा किया. छात्रों ने विश्व वानिकी दिवस की पुर्व संध्या पर स्थानीय ग्रामीणों को नीम, साल और महोगनी के पौध उपहार स्वरूप भेंट किये.
छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान कर रहें सहायक प्राध्यापक (वानिकी) डॉ जे केरकेट्टा ने बताया कि पीआरए टूल्स एंड तकनीक से छात्रों को ग्रामीण स्तर की बहुत सारी उपयोगी एवं रोचक जानकारी सरल तरीके से मिल जाती है. इससे गाँव के विकास के लिए संसाधनों का प्रबंधन और माइक्रो प्लान योजना बनाने में छात्रों को मदद मिलेगी.




