
Ranchi : राज्य के मध्य विद्यालयों में नियुक्त स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों को राज्य सरकार द्वारा हटाये जाने पर इनकी फिर से बहाली के एकल पीठ के आदेश के खिलाफ राज्य सरकार की अपील की सुनवाई झारखंड हाइकोर्ट में सोमवार को हुई. राज्य सरकार द्वारा नियुक्ति के 1 साल बाद हटाये गये ग्रेजुएट ट्रेंड टीचर को झारखंड हाइकोर्ट से बड़ी राहत मिली है.
मामले में हाइकोर्ट के न्यायमूर्ति एस चंद्रशेखर की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार की ओर से दायर 14 अलग-अलग अपील पर सुनवाई करते हुए इसे खारिज कर दिया. एकल पीठ ने हटाये गये शिक्षकों को फिर से बहाल करने का निर्देश दिया था, जिसके खिलाफ राज्य सरकार ने हाइकोर्ट में अपील दाखिल की थी. ये शिक्षक कॉमर्स ग्रेजुएट थे. वर्ष 2015 में इनकी नियुक्ति ग्रैजुएट ट्रेंड टीचर के रूप में राजकीय मध्य विद्यालय में हुई थी. राज्य सरकार ने उन्हें वर्ष 2016 में यह कहते हुए इन्हें हटा दिया कि कला (आर्ट्स) विषय के लिए कॉमर्स ग्रेजुएट का अपॉइंटमेंट शिक्षक के रूप में नहीं हो सकता है. जिसके बाद वर्ष 2016 में याचिकाकर्ताओं ने हाइकोर्ट की एकल पीठ में याचिका दाखिल की थी. एकल पीठ ने वर्ष 2019 में इनकी याचिका को स्वीकार करते हुए राज्य सरकार को इनकी फिर से बहाली करने का निर्देश दिया था. एकल पीठ के आदेश का अनुपालन नहीं होने पर याचिकाकर्ताओं ने हाइकोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की थी. इस पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से हुए कहा गया था कि इन्हें वापस ले रहे हैं, लेकिन मामले में दायर एलपीए के फलाफल पर इनकी नियुक्ति निर्भर करेगी. सोमवार को सरकार की अपील खारिज होने पर याचिकाकर्ताओं के फिर से बहाली का रास्ता साफ हो गया.
इसे भी पढ़ें – पंचायत सेवक के अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प, कई गिरफ्तार, जमकर चली लाठी



