Court NewsLead News

कुख्यात मानव तस्कर पन्नालाल महतो की जमानत याचिका हाइकोर्ट ने की खारिज, सहयोगी गोपाल उरांव को मिली जमानत

Ranchi : कुख्यात मानव तस्कर पन्नालाल महतो को सोमवार को झारखंड हाइकोर्ट से राहत नहीं मिली. उसकी जमानत याचिका हाइकोर्ट ने खारिज कर दी. वहीं पन्नालाल के सहयोगी गोपाल उरांव को कोर्ट ने जमानत प्रदान कर दी. कोर्ट ने पन्नालाल की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह गंभीर मामला दिखता है, कोर्ट इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी. हाइकोर्ट के न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अध्यक्षतावाली खंडपीठ ने पन्नालाल महतो एवं गोपाल उरांव की ओर से दायर क्रिमिनल अपील की सुनवाई की. जिसमें दोनों की ओर से कोर्ट से जमानत देने की गुहार लगायी गयी.

बता दें कि पन्नालाल के खिलाफ कुल 16 मामले राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज किये गये हैं. पूर्व की सुनवाई में कोर्ट ने राज्य सरकार से पन्नालाल के खिलाफ दर्ज मुकदमों के संबंध में विवरण मांगा था. रांची एनआइए कोर्ट में पन्नालाल के खिलाफ दर्ज केस में उसकी ओर से जमानत की गुहार लगायी गयी है. जिस पर राज्य सरकार की ओर से हाइकोर्ट में शपथ पत्र दाखिल कर बताया गया था कि पन्नालाल के खिलाफ खूंटी थाना, मुरहू थाना, तोरपा थाना, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट,  जगन्नाथपुर थाना, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, बसिया गुमला, बरियातू थाना में कुल 16 मामले दर्ज कराये गये थे. इनमें से 10 मामलों में उसकी रिहाई हो चुकी है. वहीं मुरहू थाने में दर्ज दो मामलों में न्यायालय, खूंटी में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण पारित आदेश उपलब्ध नहीं हो सका है.

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, खूंटी में दर्ज कांड संख्या 7/ 2019 को 9 अप्रैल 2020 को एनआइए को स्थानांतरित किया गया है. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में दर्ज 8 मामलों में से 6 मामलों में पन्नालाल की रिहाई हो गयी है. दरअसल,  मानव तस्कर पन्नालाल व उसके सहयोगियों पर दिल्ली की प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से झारखंड की गरीब लड़कियों को दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर तस्करी करने का आरोप है. एनआइए ने वर्ष 2020 में खूंटी के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में 19 जुलाई 2019 को  दर्ज केस को टेकओवर किया था. रांची एनआइए की विशेष अदालत में अभी इस मामले में गवाही चल रही है. पन्नालाल के मामले में एनआइए की ओर से तीन गवाही कराई जा चुकी है. फरवरी माह में पन्नालाल के साथ उसकी पत्नी सुनीता कुमारी, भाई शिव शंकर गंझू एवं सहयोगी गोपाल उरांव के खिलाफ आरोप गठन किया गया था.

इसे भी पढ़ें – रांची-मुरी मार्ग में दो बाइक की टक्कर में अनगड़ा थाना के एएसआई सहित तीन घायल

Related Articles

Back to top button