
Ranchi : चर्चित सुषमा बड़ाईक गोलीकांड के दो शूटरों को लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में पारा रोड से गिरफ्तार किया गया. रांची पुलिस दोनों शूटरों फरहान और मुदस्सिर को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लायी है. एसएसपी ने कहा कि गिरफ्तार फरहान ने पुलिस को बताया कि सुषमा बड़ाईक की हत्या नवंबर माह में ही होनी थी. नवंबर में सभी शूटर पूरी तैयारी के साथ रांची पहुंचे थे. लेकिन, किसी कारणवश मौका नहीं मिला और सभी वापस यूपी लौट गये थे. फिर दिसंबर में दोबारा योजना बना कर आये और सुबह में कोर्ट जाते समय हरमू चौक के पास सुषमा बड़ाईक को गोली मारी गयी. हालांकि घटना में संलिप्त एक अपराधी गुड्डू उर्फ उमर फरार है. फरहान दानिश रिजवान का सगा साला है. फरहान और मुद्दसिर पर यूपी में कई संगीन अपराध को अंजाम दिया है. मुदस्सिर ने सुषमा बड़ाईक को गोली मारी थी. फरहान ने जीजा दानिश रिजवान के साथ मिल कर सुषमा बड़ाईक को गोली मारने की योजना बनायी थी. शूटरों को उसी ने बुलाया था. फरहान ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि उसने सुषमा बड़ाईक को मारने की योजना अपने जीजा दानिश रिजवान के साथ मिल कर बनायी थी. फरहान ने शूटरों की व्यवस्था की थी. सुषमा की रेकी के लिए अलग से एक युवक को रखा गया था. उसकी हत्या हर हाल में करनी है ऐसा फरहान ने शूटरों को कहा था. फरहान को लग रहा था कि उसकी बहन की जिंदगी सुषमा बड़ाईक बर्बाद कर रही है. उसके जीजा दानिश के विरुद्ध सुषमा ने पटना के सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद वह अपने बेटे का डीएनए टेस्ट कराने का भी दबाव बना रही थी. इसी वजह से दानिश ने अपने साले के साथ उसे रास्ते से ही हटाने की योजना बना डाली.
इसे भी पढ़ें – पलामू का न्यूनतम पारा 6.3 पहुंचा, खेतों में पुआल पर जमी दिखी बर्फ की चादर



