
Ranchi : 17 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रांची स्थित ईडी कार्यालय में पेश होना है. इसको लेकर आज दिन भर सत्ताधारी दलों की लगातार बैठकें हुईं. एक ओर जेएमएम ने अपने विधायकों के साथ बैठक की वहीं, दूसरी ओर जेएमएम के सहयोगी दल कांग्रेस के विधायकों ने भी बैठक कर वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर विस्तार से चर्चा की. इसके बाद देर शाम मुख्यमंत्री आवास में यूपीए विधायक दल की बैठक हुई. जिसमें मुख्यमंत्री के ईडी कार्यालय जाने के बाद मौजूदा हालातों पर बातें हुईं. बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गयी कि मुख्यमंत्री का ईडी कार्यालय जाना उचित होगा या नहीं. अगर ईडी कार्यालय जाना है तो आगे की रणनीति क्या होगी इस पर भी विस्तार से चर्चा हुई. बैठक खत्म होने के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री कल ईडी कार्यालय जायेंगे. उन्होंने कहा कि हमलोग संविधान का सम्मान करते हैं. मुख्यमंत्री कल ईडी कार्यालय जाकर ईडी के हर सवालों का जवाब देंगे. हमलोग डरनेवालों में से नहीं हैं. UPA पूरी तरह से intact है. पांच सालों तक सरकार चलेगी.
वहीं, मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि हर परिस्थितियों से निपटने का तैयार हैं. सैकड़ों कार्यकर्ता भी आयेंगे. एक सवाल के जवाब में कहा कि कार्यकर्ताओं को कोई रोक पाया है क्या, यदि वो मुख्यमंत्री के समर्थन में आयेंगे तो कोई रोक लेगा क्या. वहीं मंत्री आलमगीर ने कहा कि ईडी के समक्ष कल मुख्यमंत्री जायेंगे. हम सारे लोग इंटैक्ट हैं, हमलोग हर परिस्थिति से मुकाबला करने को तैयार हैं.
हमलोग ईडी को करेंगे सहयोग, अब ईडी समझे कि वो किसको सहयोग करेगीः राजेश ठाकुर
सुनियोजित तरीके से जो चल रहा है सरकार को अपदस्त करने की साजिश चल रही है. ईडी को हमलोग सहयोग करने के लिए तैयार हैं. अब ईडी समझे कि वो किसको सहयोग कर रही है. हमलोग हर परिस्थितियों से सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. बैठक में सभी विधायकों को रांची में रहने को कहा गया है.



