Dhanbad

एक सच्चे और बेदाग सुयोग्य जनप्रतिनिधि के चयन से ही धनबाद निगम क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव: बिजय झा

Dhanbad: आगामी धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर कोयला नगरी के भावी मेयर प्रत्याशी उत्साह में है. चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन इसने उन्हें चुनाव के लिए कमर कसने से नहीं रोका है. इसलिए भावी मेयर उम्मीदवार प्रचार प्रसार में जुट गए हैं. बियाडा (अब जियाडा) के पूर्व अध्यक्ष विजय झा ने धनबाद नगर निगम में मेयर पद का चुनाव लड़ने का शंखनाद कर दिया है. कतरास की तिलाटांड़ कॉलोनी में आज बुधवार को आयोजित समारोह में उन्होंने इसकी विधिविध घषणा की. इसके साथ ही कतरास के वार्ड नंबर एक से अपना प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया.

दरअसल, पूर्व बियाडा अध्यक्ष सह समाजसेवी भावी मेयर प्रत्याशी बिजय कुमार झा के समर्थन में धनबाद नगर निगम वार्ड संख्या एक के नागरिकों के द्वारा भव्य अभिनंदन स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. बिजय कुमार झा के आगमन पर वार्ड संख्या 1 के नागरिकों ने फूल माला पहनाकर एवं आतिशबाजी कर गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया. तत्पश्चात सभी नागरिकगण बिजय कुमार झा के साथ पद यात्रा करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदकिशोर सिंह व संचालन गौतम मंडल के द्वारा किया गया.

बिजय कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि धनबाद नगर निगम के विकास के लिए बिना भेदभाव के जाति धर्म, बाहरी भीतरी, ऊंच नीच से ऊपर उठकर आगे आना होगा. तभी भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी मुक्त समाज की स्थापना होगी. एक सच्चे-अच्छे और बेदाग सुयोग्य जनप्रतिनिधि के चयन से ही क्षेत्र का सार्वांगिक विकास संभव हैं. उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए भ्रष्टाचार का खात्मा जरूरी. यदि जनता ने सेवा का मौका दिया, तो कमीशन (कटमनी) प्रथा समाप्त कर दूंगा. धनबाद में आईआईटी-आईएसएम, बीआईटी सिंदरी, सिंफर, बीसीसीएल जैसी संस्थाएं हैं. ऐसे क्षेत्र का मेयर कैसा हो इसे जनता को तय करना है.

बिजय झा ने जोर देकर कहा कि 50 वर्षों के सामाजिक जीवन में अगर मैंने किसी से किसी काम के एवज में पैसा लिया है, तो वोट मत देना. बियाड़ा के चेयरमैन के तौर पर लोगों ने मेरे काम को देखा है. आज तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा.

वहीं वार्ड संख्या 1 के नागरिकों ने बिजय कुमार झा के समर्थन में कहा कि धनबाद नगर निगम मेयर प्रत्याशी के लिए इनसे सुयोग्य प्रतिनिधि कोई नहीं मिलेगा. सबों ने बिजय झा की प्रशंसा की एवं इनके जैसा चरित्रवान, शिक्षित और बेदाग समाजसेवी कोई नहीं हैं जो मेयर पद के लिए सुयोग्य हो. सबों ने अपने अंदाज में जन सभा को संबोधित करते हुए एक स्वर में नारा बुलंद किया कि बिजय कुमार झा को मेयर के रूप में जीताना हैं और धनबाद में परिवर्तन लाना हैं.

कार्यक्रम को वार्ड संख्या 1 के नागरिकों में से उदय कुमार सिंह, नंदकिशोर सिंह, नकुल चंद्र दास,शंकर चौहान, अरविंद सिन्हा,उमाकांत तिवारी, राजेंद्र प्रसाद राजा,अनिल बांसफोड़,अनुज कुमार सिन्हा, मंगल चौहान,रविंद्र पांडे,रामरतन मंडल,पप्पू केसरी,अरविंद केसरी, विनय सिंह,राजेश सिंह,अजय बर्मन,संत चौहान,विनोद चौहान, राजेश मंडल,विनोद मंडल,संतोष मंडल सहित अन्य ने संबोधित किया.

इस कार्यक्रम के दौरान आरटीआई कार्यकर्ता अरविंद सिन्हा को वार्ड संख्या 1 का प्रभारी नियुक्त किया गया. इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर बिजय कुमार झा के साथ गणमान्य लोगों ने चर्चा की एवं विशेष योजना बनाई. इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में वार्ड संख्या 1 के महिला पुरुष सहित गणमान्य लोग उपस्थित हुए.

सूर्यदेव सिंह का कुनबा मेयर चुनाव को लेकर फिर बिखरने पर

मजदूर नेता और झरिया के पूर्व विधायक स्व. सूर्यदेव सिंह का कुनबा मेयर चुनाव को लेकर फिर बिखरने की स्थिति में है. इस बार सूर्यदेव सिंह के परिवार से उनके अनुज एवं जनता मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष रामधीर सिंह का परिवार अलग हो रहा है. दरअसल, मंगलवार के दिन सिंह मेंशन के ही दो लोगों ने मेयर चुनाव लड़ने की दावेदारी कर दी. नगर निगम की पहली मेयर व रामधीर सिंह की पत्‍नी इंदु देवी ने मेयर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है, दूसरी ओर सूर्यदेव सिंह के पुत्र व जनता मजदूर संघ के अध्यक्ष सिद्धार्थ गौतम भी इस चुनावी रण में कूदने को तैयार हैं. सिंह मेंशन से दो लोगों के चुनाव में कूदने की तैयारी ने परिवार में दो फाड़ होना लगभग तय कर दिया है.

मंगलवार को एक तरफ सूर्यदेव सिंह के बेटे सिद्धार्थ गौतम ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया तो दूसरी ओर मंगलवार को ही रामधीर सिंह की पतोहू आसनी सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट पर लिखा कि आप सभी धनबाद जिला के साथियों, माताओं, भाइयों, बहनों और समस्त बुजुर्गों को मैं आसनी सिंह सादर प्रणाम करती हूं. दोस्तों आज के दैनिक अखबार में छपी खबर के अनुसार यदि मैं महापौर पद के चुनाव लड़ने के योग्य नहीं होंगी, तो उस परिस्थिति में मेरी मां एवं प्रथम महापौर श्रीमती इंदू  देवी महापौर का चुनाव लड़ेंगी. मैं आप सभी का साथ एवं विश्वास की अपेक्षा करती हूं, मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक इंदू देवी ने भी कहा है कि अगर आसनी चुनाव नहीं लड़ पाएगी तो वह चुनाव लड़ेगी. वहीं रघुकुल अभी अपना पत्ता नहीं खोला है और न खोलने की जल्दबाजी में है.

इसे भी पढ़ें: दीपिका पांडेय ने सीएम हेमंत सोरेन से की फरियाद, अडानी पावर से गोड्डा को दिलाएं 10 प्रतिशत बिजली

Related Articles

Back to top button