JharkhandJharkhand PoliticsJharkhand StoryMain SliderNationalNEWSRanchiTOP SLIDERTop Story

कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा 10 से, राज्य के हर गांव-टोलों व कस्बों से शुरू होगी पदयात्रा

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की भारत जोड़ो पदयात्रा 10 अक्टूबर से शुरू हो रही है, जो 31 दिसंबर तक चलेगी. भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी. उन्होंने  बताया कि यह यात्रा पूरे 81 विधानसभा के हर गांव,टोलों व कस्बों से शुरू होगी. यह एक सघन प्रयास है. हमारी पार्टी संघर्ष, संपर्क और समन्वय के साथ चल रही है. हमारी यह यात्रा भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ, किसानों के हक और अधिकार के समर्थन के साथ-साथ देश की संविधान की रक्षा को लेकर है. श्री सहाय ने कहा कि इस यात्रा के जरिये हम राज्य के हर गांव की चौखट तक जायेंगे.
इसे भी पढ़ें: सावधानः 5 घरों में मिला डेंगू का लार्वा, ब्लड सैंपल कलेक्ट, एहतियात बरतने का निर्देश

प्रत्येक पंचायत में होगी दो पदयात्रा 

पूर्व सांसद ने कहा कि एक पंचायत में दो यात्रा एक साथ चलेगी. उन्होंने कहा कि पहली यात्रा हर पंचायत स्तर से शुरू की जायेगी. दूसरी यात्रा प्रखंड स्तर पर शुरू होगी. एक सवाल के जवाब में सुबोधकांत सहाय ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को जो लोग जिस तरह से देखना चाहे देखें. लेकिन राहुल गांधी की यात्रा ने भाजपा के अंदर बेचैनी बढ़ा दी है. मौके पर प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन, राकेश सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे.

उलिहातु से शुरू होगी यात्रा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि 10 अक्टूबर को यह यात्रा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु से आरंभ होगी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने लगातार यात्रा कर देश को एकसूत्र में बांधने का काम किया है. पदयात्रा के लिये रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है. राहुल गांधी के पदयात्रा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिये ही झारखंड में भी पदयात्रा शुरू किया जा रहा है. मौके पर मंत्री आलमगीर आलम ने भी अपने विचार प्रकट किये.

पदयात्रा का थीम सांग हुआ जारी 
पदयात्रा को लेकर पार्टी की ओर से पदयात्रा का थीम सांग जारी किया गया. यह थीम सांग पार्टी की कला संस्कृति विभाग की ओर से तैयार किया गया है. यह सांग कला संस्कृति के भानु प्रताप बड़ाईक की अगुवाई तैयार किया गया है. इसमें पवन राय, पंकज राय व सुनयना कच्छप ने अपनी आवाज दी है.

Related Articles

Back to top button