
Chatra : सरकार की घोषणाओं के अनुरूप जलसहियाओं के न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी व सेवा नियमावली तैयार करने समेत पांच सूत्री मांगों के समर्थन में जल सहिया संघ ने राज्य सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है. जिला जल सहिया संघ के बैनर तले शनिवार को जिले की जल सहियाओं ने समाहरणालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की. इस दौरान सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगते हुए जल सहियाओं ने मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है. समाहरणालय घेराव की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने आंदोलनरत सहियाओं को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए घेराव खत्म कराया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद समाहरणालय के मुख्यद्वार पर जल सहिया धरने पर बैठ गई.
इसे भी पढ़े: गिरिडीह : 37 माह से लंबित मानदेय का भुगतान करने व अन्य मांगों को लेकर जल सहिया का थाली बजाओ धरना प्रदर्शन
जल सहियाओं ने सरकार द्वारा जारी घोषणा पत्र के आलोक में जल सहिया का न्यूनतम मजदूरी 13 हजार 84 रुपया तत्काल प्रभाव से लागू करने, 34 माह का बकाया मानदेय भुगतान करने, जल सहिया का सेवा नियमावली तैयार करने, जल सहियाओं को साल में तीन बार पोशाक देने, जल सहिया का पांच लाख का बीमा करने, अनुकंपा योजना लागू करने व सरकार के पत्र के अनुसार मानदेय हटाकर कार्य के अनुरूप प्रोत्साहन राशि देने के लिये गए निर्णय को अविलंब वापस लेने की मांग की. समाहरणालय में हंगामा व नारेबाजी से पूर्व जल सहियाओं ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय से समाहरणालय तक रैली भी निकाली और कहा कि जब तक सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करेगी तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.




