
Jamshedpur : Jamshedpur: सरकारी गाइडलाइन की अनदेखी कर फीस के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाने के मामले को जिला शिक्षा अधीक्षक ने गंभीरता से लिया है. इस बाबत डीएवी बिष्टुपुर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर मनमानी रोकने की हिदायत दी है. कहा है कि फीस जमा करने के लिए दबाव बनाते हुए परीक्षा का एडमिट कार्ड रोकना सही नहीं है.
जिला शिक्षा अधीक्षक ने अपने नोटिस में कहा है कि कोरोना काल में स्कूल बंद रहने के दौरान की फीस भी नियम के अनुरूप ही लें. इस बाबत विशेष सचिव-सह-निदेशक, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश का इमानदारी से पालन हो. कोरोना काल में विद्यालयों का पूर्ववत संचालन प्रारंभ होने से पूर्व मात्र शिक्षण शुल्क मासिक दर पर लेने का निर्देश है. विद्यालय बंद रहने की अवधि तक किसी भी प्रकार का वार्षिक शुल्क, यातायात शुल्क या अन्य किसी प्रकार का शुल्क अभिभावकों से नहीं लिया जायेगा. जिला शिक्षा अधीक्षक ने अभिभावकों की शिकायत के बाद नोटिस जारी किया है.
अभिभावकों ने डीसी से भी की एडमिट कार्ड रोकने की शिकायत

अभिभावकों ने फीस के लएि दबाव बनाने और एडमिट कार्ड रोके जाने की शिकायत सोमवार को उपायुक्त से भी की है. कहा है कि सरकार के आदेश की अवहेलना करते हुए डीएवी स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से शिक्षण शुल्क के अलावा साइंस लैबोरेट्री एवं एनुअल फीस के रूप में 17000 रुपये देने का फरमान जारी किया है वही 26 अप्रैल से 12वीं की परीक्षा आरंभ होनेवाली है. ऐसे में भारी भरकम शुल्क अदा नहीं करनेवाले अभिभावकों के बच्चों का एडमिट कार्ड रोक दिया गया है. बच्चे व अभिभावक परीक्षा में बैठने को लेकर उहापोह की स्थिति में हैं. जमशेदपुर अभिभावक संघ ने जिले के उपायुक्त से भेंट कर समस्या का समाधान करते हुए स्कूल प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग रखी.




