
Jamshedpur : जमशेदपुर सदर प्रखंड में पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई है. इस प्रखंड को जुगसलाई सह गोलमुरी प्रखंड के रुप में भी जाना जाता है. इसमें कुल 55 पंचायत है, जिसमें 35 पंचायत अर्ध शहरी क्षेत्र में आते हैं. इस लिहाज से 55 मुखिया एवं 711 वार्ड सदस्य का चुनाव होना है. इसमें 16 पंचायत समिति सदस्य का पद भी आवंटित है. यहां जाननेवाली बात यह है कि प्रखंड के 711 वार्ड मेंबरों में पिछले चुनाव में 161 वार्ड मेंबर के पद रिक्त रह गए थे. इस बार स्थिति क्या रहेगी. इस पर भी सभी की निगाहें टिकी है. वैसे इन सभी क्षेत्रों में चौथे चरण में मतदान होना है. इसके लिये 29 अप्रैल से नामांकन का काम शुरू हो जायेगा. जमशेदपुर सदर प्रखंड के पंचायती राज पदाधिकारी वीर किशोर सिंह देव ने चुनावी तैयारियां पूरी होने की बात कहते हुये बताया कि नामांकन की प्रक्रिया 6 मई तक चलेगा. उसके बाद 7 मई से 9 मई तक स्क्रूटनी होगी, जबकि नाम वापसी की तारीख 10 और 11 मई तय की गई है. इसकी समयसीमा पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित है. उसके बाद चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों को 12 मई को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जायेगा. मतदान 27 मई की सुबह बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा. फिर 31 मई की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु होगी, उसी दिन चुनाव के नतीजे भी जारी हो जायेंगे.
30 दिनों के भीतर चुनावी खर्चे का देना होगा लेखा-जोखा
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार चुनाव परिणाम की घोषणा की तिथि के 30 दिनों के भीतर प्रत्याशियों को चुनावी खर्चे का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना होगा. इसके तहत वार्ड सदस्य के प्रत्याशियों के खर्च की अधिकतम सीमा 14 हजार और मुखिया प्रत्याशी के खर्चे की अधिकतम सीमा 85 हजार होगा. इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य अधिकतम 71 हजार की राशि खर्च कर सकेंगे. वहीं, जिला परिषद के सदस्य के अधिकतम खर्च की सीमा 2 लाख 14 हजार रुपये निर्धारित है.
इसे भी पढ़ें – कांड्रा सड़क दुर्घटना : मृतका के अंत्येष्टि व घायल के इलाज में झालसा ने किया सहयोग




