
Jamshedpur : शहर में बीयर और व्हिस्की के शॉर्टेज ने शराब पीने के शौकीनों की मुसीबत तो बढ़ा ही दी है, दुकानदारों के सामने भी मौजूदा हालात में अजीब सी स्थिति उत्पन्न हो गई है. एक तो गोदाम में शराब की कमी होने से लाइसेंसीधारी दुकानदार अपना कोटा नहीं उठा पा रहे हैं. इसका सीधा असर उनके शराब के सेल पर पड़ा है. दुकानदारों के सेल में करीब 70 फीसदी तक कमी आ गई है. दूसरी ओर महीने की 25 तारीख को दुकानदारों का एक्साइज ट्रांसपोर्ट ड्यूटी, यानि इटीडी भी कटता है. ऐसे में आज 25 अप्रैल को शराब के खुदरा विक्रेताओं के मन में यही सवाल कौंध रहा है कि आज भी उनका इटीडी कटेगा या सरकार मौजूदा हालात को देखते हुये उन पर रहम करेगी.
इस बात की चर्चा सुबह से ही दुकादारों की बीच होती रही. हालांकि, यह किसी को नहीं पता कि आगे उनके साथ होगा क्या? फिर भी दुकानदारों को इस बात की चिंता तो है ही कि सरकारी मदद नहीं मिलने पर वे धंधे में हुये इस भारी घाटे की भारपाई कैसे करेंगे? क्योंकि शुरुआत में पूरे झारखंड में बीयर और व्हिस्की के विभिन्न ब्रांडो के शार्टेज की बात सामने आई थी, लेकिन शराब के धंधे से जुड़े लोगों की मानें तो जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में हालात कुछ ज्यादा ही खराब है. इसकी सीधी सी वजह टाटा-घाटशिला रोड पर स्थित शराब के थोक विक्रेता मैयहर डेवलपर्स के गोदाम में शराब की कमी होना है. इससे जमशेदपुर और आसपास बीयर और ब्रांडेड शराब की ज्यादा शॉर्टेज हो गयी है. यहां तक कि पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां में इससे बेहतर स्थिति है. वहीं, जमशेदपुर और आस-पास की स्थिति पर नजर डालें तो मौजूदा हालात को लेकर शराब दुकानदार ही परेशान नहीं हैं, बल्कि बार संचालकों को भी यह धंधा काफी भारी पड़ रहा है.
बीयर और व्हिस्की के इन ब्रांडों की है शार्टेज
किंगफिशर, थंडर बोल्ट, टुबर्ग, गॉडफादर, बर्डवाइज, मैग्नम, बेकसाइस समेत बीयर के जाने-माने ब्रांड के साथ व्हिस्की के मैक्डॉवल नंबर-वन, रॉयल स्टैग, रॉयल चैंलेंग, इंपीरियल ब्लू, ऑफिसर्स चॉइस, इंपेरियल ब्लू और स्टर्लिंग सेवन और टेन समेत ब्लेंडर्स प्राइड जैसे ब्रांडों की दुकानों के साथ बार में कमी हो गई है. यही बीयर और व्हिस्की पीने के शौकीनों के साथ दुकानदारों और बार संचालकों की परेशानी का सबब बना हुआ है.
महीनेभर के एक्सटेंसन के बाद भी दुकानदार हैं चिंतित
बता दें कि शहर और आसपास शराब की 95 दुकानें हैं, जबकि होटलों को मिलाककर 52 बार भी हैं. इस बीच शराब दुकान संचालकों को एक महीने का एक्सटेंसन भी दिया गया है. फिर भी शराब के शॉर्टेज के कारण धंधे में होनेवाले नुकसान की भारपाई की चिंता दुकानदारों को सता ही रही है.
नये वित्तीय वर्ष जिले में खुलेगी 110 शराब की दुकानें
इधर सरकार की नयी उत्पाद नीति के तहत खुदरा शराब की बिक्री का जिम्मा कॉरपोरेशन (जेएसबीसीएल) को दिया गया है. इसके तहत जमशेदपुर सहित पूर्वी सिंहभूम जिले में नये वित्तीय वर्ष 2022-23 में 110 शराब दुकानें खोली जानेवाली है. इसमें 44 विदेशी शराब दुकान, 37 कंपोजिट एवं 29 देसी शराब दुकानें होगी. इस मुकाबले देखें तो पिछले वित्तीय वर्ष जिले में कुल 138 शराब दुकानें ही थी.
इसे भी पढ़े : जमशेदपुर: कड़ी धूप से गई 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान




