BiharNEWS

गृह मंत्री अमित शाह आज आयेंगे बिहार, वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह में लेंगे भाग

Patna: बाबू वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी है. 23 अप्रैल, 1858 को अंग्रेजों के खिलाफ बाबू वीर कुंवर सिंह की मिली जीत की स्मृति में शनिवार को भोजपुर के जगदीशपुर के दुलौर मैदान में विजयोत्सव समारोह का आयोजन होगा. इस समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आएंगे.

गृह मंत्री शनिवार की सुबह 10:30 बजे पटना पहुंचेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से जगदीशपुर (भोजपुर) रवाना होंगे. बाबू वीर कुंवर सिंह के किले पर पुष्पांजलि करने के बाद गृह मंत्री दुलौर मैदान पर आयोजित विजयोत्सव सह तिरंगा महोत्सव में हिस्सा लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे.

बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह सभा को संबोधित करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे. उनके साथ-साथ उपस्थित सभी लोग तिरंगा फहरायेंगे, जो विश्व रिकॉर्ड होगा.

विजयोत्सव समारोह के बाद केंद्रीय गृह मंत्री रोहतास के नारायण मेडिकल कॉलेज के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे और फिर गया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जायेंगे. डॉ जायसवाल ने बताया कि 23 अप्रैल को ही बाबू वीर कुंवर सिंह अंग्रेजों के विरुद्ध विजय हासिल करने के बाद अपने किले पर लौटे और कुछ दिनों बाद वीरगति को प्राप्त कर गये. इसलिए उस ऐतिहासिक क्षण को पुन: याद करते हुए विजयोत्सव समारोह का आयोजन किया जा रहा है.

 

 

Related Articles

Back to top button