
New Delhi: कोरोना ने एक बार फिर से डराना शुरू कर दिया है. दिल्ली में कोरोना लौटता दिख रहा है. कुछ दिन पहले जहां इसके मरीज लगभग आने बंद हो गए थे, वहीं अब फिर से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने लगा है. इसको लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं. शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के 1,042 नये मामले सामने आये है. साथ ही एक दिन में दो लोगों की मौत भी हुई है. वहीं, संक्रमण दर 4.64 प्रतिशत पहुंची है.
इससे पहले भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 965 मामले दर्ज किए गए थे और एक शख्स ने जान गंवाई थी. जबकि, एक दिन पहले बुधवार को संक्रमण के नए मामलों की संख्या 1000 का आंकड़ा पार कर गई थी. हालांकि, दिल्ली सरकार यह कह रही है कि पैनिक होने की जरूरत नहीं है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं. लेकिन, बढ़ते मामलों ने राजधानी में पाबंदियों का दौर फिर शुरू कर दिया है.
दिल्ली में कोरोना संकट के बीच अस्पतालों को अलर्ट मोड पर कर दिया गया है. साथ ही बेड बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है और टीकाकरण अभियान में भी तेजी लाई जा रही है. वहीं दिल्ली सरकार की ओर से स्कूलों को लेकर भी नई गाइडलाइन जारी कर दी गई है. अगर कोई भी छात्र संक्रमित निकलता है तो स्कूल की उस विंग को बंद करने का आदेश है. वहीं जरूरत पड़ने पर स्कूल प्रशासन ही पूरे विद्यालय को बंद करने का निर्देश दे सकता है. अभी के लिए दिल्ली सरकार ने बढ़ते मामलों के बीच स्कूलो को बंद करने की बात नहीं कही है.
इसे भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह आज आयेंगे बिहार, वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह में लेंगे भाग




