JharkhandPalamu

पलामू: पिता ही निकला मासूम बच्ची का हत्यारा, कोयल नदी से बरामद हुआ था शव

Palamu: मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस ने कलयुगी पिता आनंद कुमार सिंह उर्फ पप्पू को शनिवार को जेल भेज दिया. आरोपी जिले के पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई का रहने वाला है. आनंद सिंह ने अपनी पांच वर्षीय बेटी संजना कुमारी को माता-पिता और भाई के साथ हल्की नोंकझोंक के बाद गला दबाकर हत्या कर दी थी. बताते चलें कि शुक्रवार की सुबह शहर थाना क्षेत्र के गोरहो मंदिर के समीप कोयल नदी से एक पांच वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ था. पहचान के बाद पुलिस छानबीन में जुटी और तीन घंटे के अंदर मामले का खुलासा किया व आठ घंटे के भीतर आरोपी पिता को गिरफ्तार का उसकी करतूत को सार्वजनिक किया.

शहर थाना प्रभारी अरूण कुमार महथा ने शनिवार को शहर थाना में बताया कि कोयल नदी से एक अज्ञात बच्ची का शव मिलने के बाद उसकी पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया गया. पहचान होने के बाद अनुसंधान में पाया गया कि बच्ची की हत्या के पीछे उसके पिता की संलिप्तता है. छानबीन करते हुए पुलिस उसके गांव पहुंची और आरोपी को खोजकर गिरफ्तार किया.

आरोपी ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और बताया है कि माता-पिता के झगडे़-विवाद के कारण गुस्से में अपनी पुत्री को घर से करीब 45 किलो मीटर दूर मेदिनीनगर में ले जाकर हत्या कर दी.

इसे भी पढ़ें : पलामू: पांच साल की मासूम बच्ची की हत्या, कोयल नदी से शव बरामद

हत्या के बाद मामले को छुपाता रहा आरोपी

आरोपी आनंद कुमार सिंह उर्फ पप्पू अपनी बेटी को लेकर गुरूवार की अपराहण 3.30 बजे पांकी से चला था. डालटनगंज स्टेशन पहुंचने के बाद वह यहां 15 से 20 मिनट तक रहा. वहां से पैदल गोरहो मंदिर की ओर बढ़ा और फिर कोयल नदी में जाकर कुछ देर तक बैठा रहा. शाम ढलने के बाद जैसे ही अंधेरा हुआ, उसने बेटी के गर्दन पर हाथ से जोरदार वार किया, जिससे बच्ची बेसुध पड़ गयी और इसके बाद उसने उसकी गला दबा कर हत्या कर दी.
हत्या करने के बाद पुनः आनंद स्टेशन पहुंचा और मामले को छुपाते हुए पत्नी से संजना के बारे में जानकारी पूछी.

संदेह होने पर परिजन आनंद सिंह को स्टेशन से घर ले गए. इसके बाद भी उसने बेटी की हत्या का राज नहीं खोला और अगले दिन शुक्रवार की सुबह ढूंढने के बहाने घर से निकल गया. दोपहर तक वह मामले से बचता रहा.

हालांकि इसके बाद जब बॉडी मिली तो स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हुई और परिजनों ने पिता पर ही हत्या का संदेह व्यक्त किया.

Related Articles

Back to top button