
Palamu: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर और चैनपुर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गोरहो मंदिर के समीप कोयल नदी से शुक्रवार की सुबह पांच वर्षीय बच्ची का शव बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार बच्ची की हत्या गला दबाकर की गयी है. उसकी पहचान पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई निवासी आनन्द सिंह की पुत्री संजना कुमारी के रूप में हुई है. संजना गुरूवार की शाम से लापता थी. संजना को अंतिम बार उसके पिता के साथ देखा गया था. परिजन उसकी खोजबीन में जुटे थे. अचानक उसका शव कोयल नदी से मिलने की जानकारी उन्हें मिली. परिजनों ने एमआर एमसीएच (मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल) पहुंचकर शव की पहचान की. बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस उसके पिता को ढूंढ रही है.
जानकारी के अनुसार संजना कोनवाई प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी. गुरूवार को हर दिन की तरह अपने दादा और कोनवाई हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक सतानंद सिंह के साथ स्कूल जाने के लिए निकली थी. दादा उसे गांव के प्राथमिक विद्यालय में छोड़कर अपने स्कूल चले गए. दोपहर ढाई बजे के करीब दादा ने संजना को तेतराई मदरसा के पास देखा. इसी बीच तेतराई मदरसा के पास में ही संजना को उसके पिता आनन्द सिंह के साथ अंतिम बार देखा गया.

इसे भी पढ़ें : पटना : आपसी विवाद में व्यक्ति को मारी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम
शव मिलने की सूचना पर मां-दादा पहुंचे, पिता गायब
बच्ची का शव मिलने के बाद उसके दादा और मां गनिता देवी मेदिनीनगर पहुंचे. एमआर एमसीएच में जाकर शव की पहचान की. पिता दोपहर तक मेदिनीनगर नहीं पहुंचा था. परिजनों के अनुसार वह बच्ची की खोजबीन में जुटा है. शव मिलने के बाद से संजना के पिता से उसकी मां और दादा से संपर्क नहीं हो पाया है. अंतिम बार पिता के साथ बच्ची को देखे जाने पर पुलिस उसे ढूंढने में जुटी है. पिता के सामने आने पर हत्या से कुछ हद तक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. यह भी पता चलेगा कि बच्ची पांकी से मेदिनीनगर कैसे पहुंची.
बच्ची को समौसा देकर पिता निकला था मेदिनीनगर के लिए
गुरूवार देर शाम तक जब बच्ची अपने घर पर नहीं मिली तो परिजन उसकी खोजबीन में जुटे. मां के अनुसार गुरूवार को किसी काम से वह अपने रिश्तेदार के घर गयी थी. घर पर दादा, पिता, चाचा और मृतका की छोटी बहन थी. संजना के पिता ने गुरुवार देर शाम परिजनों को बताया था कि वह जब मेदिनीनगर के लिए आ रहे थे तो संजना को समौसा देकर गांव के अहरा के पास छोड़ा था. फिर वह टेम्पो से मेदिनीनगर के लिए निकल गए.
चैनपुर-टाउन पुलिस जांच में जुटी
मामले में छानबीन के लिए शहर और चैनपुर थाना पुलिस जुटी हुई है. सूचना मिलने पर चैनपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उदय कुमार गुप्ता, शहर थाना प्रभारी अरूण महथा, टीओपी टू प्रभारी रामजीत सिंह दल बल के साथ पहुंचे और छानबीन शुरू की. शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमआर एमसीएच में भेज दिया.
इसे भी पढ़ें : Naxali Arrested: चाईबासा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, रेकी कर रहा नक्सली पकड़ा गया




