
Jamshedpur : रामनवमी समेत आगामी पर्व-त्योहार के दौरान उपद्रवी और हुड़दंगियों से निबटने के लिए पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है. इसे लेकर जिले के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन के निर्देश पर गोलमुरी पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में मॉक ड्रिल किया गया. इस मौके पर एसएसपी खुद मौजूद थे. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों को हुड़दंगियों से निपटने के तरीकों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. साथ ही दंगा निरोधक और बल निरोधक उपकरणों के इस्तेमाल की ट्रेनिंग भी दी गयी.
इस मौके पर एसएसपी डॉ. एम तमिल वाणन ने कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान शहर की विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखना पुलिस का मुख्य उद्देश्य है. किसी तरह की आपात स्थिति आने पर पुलिस अधिकारी और जवान उपद्वियों और हुड़दंगियों से कैसे निपटे, इसे लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही है. ताकि पुलिस पर्व-त्योहार के दौरान मुस्तैदी से अपना काम कर सके. उन्होंने शहर की शांति-व्यवस्था कायम रखने के लिए आम लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की भी इस मौके पर अपील की. ताकि आपसी भाईचारगी के साथ शांतिपूर्ण माहौल में आगामी परंपरागत ढंग से पर्व-त्योहार मनाया जा सके.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में हुआ अनूठा विवाह : ठुमके लगाते अपनी बारात लेकर पहुंची लड़की, महिलाओं ने किया मंत्रोच्चार




