
Jamshedpur : शहर के साकची थाना अंतर्गत न्यू काशीडीह लाइन नंबर दो स्थित हिन्द वेयर सर्विस सेंटर में अपराधियों ने धावा बोलते हुये नकद तीन लाख सहित करीब 15 लाख की चोरी कर फरार हो गए. चोरों ने बीती देर रात सर्विस सेंटर का वेंटिलेटर काटकर इस घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी सर्विस सेंटर के संचालक अंकित प्रसाद खत्री को सोमवार की सुबह तब मिली जब वे वहां पहुंचे. उन्होंने शटर खोला तो देखा कि सारे सामान बिखरे पड़े हैं, जबकि वेटिंलेटर टूटा हुआ है. जांच करने पर ऑफिस से करीब तीन लाख रुपये नकद गायब पाए. वहीं, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, कॉपर स्क्रैप, चांदी का सिक्का, इंडक्शन चूल्हा, बर्तन सेट, डीएसएलआर कैमरा समेत अन्य सामानों की चोरी हो चुकी थी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना साकची थाने में दी. उसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इस बीच सीसीआर डीएसपी अनिमेष गुप्ता भी घटना स्थल पर पहुंचे. उसके बाद पुलिस की जांच में तेजी आ गई है. सेंटर के संचालक अंकित प्रसाद काशीडीह 7 नंबर रोड में रहते हैं. उन्होंने बताया कि इस सेंटर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सर्विसिंग की जाती है.
मास्टर की समेत घटना में प्रयुक्त सामान बरामद
इधर पुलिस ने घटना स्थल से एक मास्टर के अलावा हथौड़ा, चाकू और छेनी जैसे सामान बरामद किये हैं. माना जा रहा है कि इन हथियारों से ही चोरों ने घटना को अंजाम दिया है. हालांकि सेंटर के संचालक घटना से हैरत में हैं. उनका कहना है कि इस तरह की घटना सेंटर में पहली बार घटी है. वहीं, आस-पास भी इस तरह की घटनाएं कम ही हुई है.
सीसीटीवी नहीं होने से बढ़ी पुलिस की परेशानी
दूसरी ओर घटना स्थल के आस-पास सीसीटीवी नहीं होने से पुलिस की परेशानी बढ़ गई है. हालांकि पुलिस आस-पास के इलाको के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है. ताकि अपराधियों का सुराग हाथ लग सके. आगे मामले की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : पुलिस चला रही एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, अपराधी पैंतरे बदल-बदलकर दे रहे वारदात को अंजाम




