ChaibasaJamshedpurJharkhandSports

ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्चरी चैंपियनशिप : कोल्हान विवि की दीप्ति ने कांस्य पदक के बाद ऑवरऑल में जीता गोल्ड  

देशभर के तीरंदाजों को पछाड़ते हुए ऑवरऑल (गर्ल्स) में हासिल की टॉप रैंकिंग, किसान मोटाय बोदरा तथा माता बुरसू बोदरा ने कहा- नाज है बेटी की उपलब्धि पर

Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय की उदीयमान तीरंदाज दीप्ति बोदरा ने पंजाब में चल रही ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्चरी चैंपियनशिप में फिर कमाल कर दिखाया है. गुरुवार को 50 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतनेवाली दीप्ति बोदरा ने अब महिला वर्ग की ऑवरऑल रैकिंग में गोल्ड मेडल जीत लिया. दीप्ति ने 50 मीटर स्पर्धा में 296 तथा 30 मीटर स्पर्धा में 315 अंक मिलाकर कुल 611 अंकों के साथ ऑवरऑल रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया.  साथ ही स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया. दीप्ति बोदरा की झोली में अब दो पदक हो गये हैं. ज्ञात हो कि कोल्हान यूनिवर्सिटी की तीरंदाजी टीम इस समय पंजाब के मोहाली में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के मेजबानी में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्चरी चैंपियनशिप में भाग ले रही है. इधर, दीप्ति बोदरा की इस दोहरी सफलता से कोल्हान यूनिवर्सिटी में खुशी की लहर  है.

क्या कहते हैं माता-पिता तथा पड़ोसी

दीप्ति के माता-पिता

दीप्ति बोदरा की सफलता से उसके पैतृक गांव तांतनगर प्रखंड के सासे गांव में भी हर्ष है. दीप्ति के पिता मोटाय बोदरा तथा माता बुरसू बोदरा ने कहा कि हमें बेटी की इस सफलता पर नाज है. दीप्ति बचपन से ही तीरंदाजी की शौकीन रही है, लेकिन हमें इतनी उम्मीद नहीं थी कि वह एक दिन राष्ट्रीय स्तर की किसी प्रतियोगिता में ऑवरऑल रैंकिंग में टॉप करेगी और गोल्ड मेडल जीतेगी. उन्होंने कहा कि बेटी की प्रतिभा को देखते हुए हमने कभी उसके खेल में रुकावटें नहीं आने दीं. किसी तरह पैसे की व्यवस्था कर चाईबासा में किराये का मकान लेकर कोल्हान यूनिवर्सिटी में पढ़ाते हैं और साथ ही तीरंदाजी की ट्रेनिंग भी दिलवा रहे हैं. कई बार अच्छे तीर-धनुष के लिए पैसे भी कम पड़ जाते हैं. बावजूद किसी तरह मैनेज कर उसे आगे बढ़ाते रहें. मुझे खुशी है कि आज इसका फल मिलने लगा है. मोटाय बोदरा ने कहा कि जिस दिन बेटी ओलंपिक में पदक जीतेगी, उस दिन मेरा सपना पूरा हो जायेगा. ज्ञात हो कि पिता मोटाय बोदरा खेती तथा बागवानी करके जीविका चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं. वहीं पड़ोसी गोपाल बोदरा ने कहा कि हमें बहुत खुशी है इस उपलब्धि पर. देश भर के विश्वविद्यालयों से आये खिलाड़ियों को हराकर विश्वविद्यालय स्तरीय नेशनल रैंकिंग में टॉप पोजीशन हासिल करना आसान नहीं है, लेकिन दीप्ति बोदरा ने इस असंभव को संभव कर दिया है.

दीप्ति होगी सम्मानित : सांसद प्रतिनिधि

खेलकूद विभाग के सांसद प्रतिनिधि विश्वनाथ तामसोय ने बताया कि चूंकि दीप्ति बोदरा ने नेशनल लेवल पर कोल्हान यूनिवर्सिटी तथा जिले का नाम रोशन किया है, इसलिए उनके आगमन पर उन्हें समारोहपूर्वक सम्मानित किया जायेगा. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गयी है.

गुनाराम पुरती ने भी कांस्य पर साधा निधाना

इस चैंपियनशिप में रविवार को कोल्हान यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व करते हुए तीरंदाज गुनाराम पुरती ने भी पदक जीता है. कुमारडुंगी प्रखंड के कुटियापदा निवासी गुनाराम पुरती ने इंडिविजुअल ओलंपिक राउंड में कांस्य पदक जीत लिया. गुनाराम पूरती कुमारडुंगी स्थित सरकारी तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु हैं. फिलहाल वह कोल्हान यूनिवर्सिटी के पीजी विभाग में सेमेस्टर-वन के छात्र हैं. इधर, कुमारडुंगी कॉलेज के शिक्षक बासुदेव सिंकु ने उनको बधाई दी है.

इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम की नई उपायुक्त जाधव विजया नारायण राव ने ग्रहण किया पदभार

Related Articles

Back to top button