
Jamshedpur: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के जिला मुख्यालय जमशेदपुर में बढ़ते अपराध ने लोगों की नींद उड़ा दी है वही पुलिसिया क्रियाकलापों पर भी सवाल उठ रहे हैं . शहर का शायद ही कोई इलाका हो जहां रोज चोरी,छिनतई और लूटपाट की घटना नहीं हो. सोमवार को तो अपराधियों ने हद कर दी. शहर में व्यस्ततम इलाके बिष्टुपुर में दिनदहाड़े 20 मिनट में 32 लाख लूटकर इत्मीनान से निकल गये. जिस स्थान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया उसके करीब ही पुलिस की तैनाती रहती है. लूट की वारदात शहर के प्रसिद्ध ज्वेलर्स के कर्मचारियों से हुई. इस घटना से व्यापारिक संगठनों में आक्रोश है और व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर नाराजगी जाहिर की है.
इस बीच, झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री एवं जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने भी बढ़ते अपराध पर चिंता जतायी है. उन्होंने ताजा ट्वीट में लिखा है कि जमशेदपुर में खासकर बिष्टुपुर एवं साकची में दिनदहाड़े लाखों की लूट और घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं. कई मामलों में अपराधियों के पकड़े जाने की खबर पुलिस देती है,परंतु लूटे गये माल-असबाब के बारे में नहीं. विषय केवल व्यवसायियों का नहीं आम जन है. सवाल पुलिस की साख पर है.
भाजपा ने भी उठाये हैं सवाल
केनरा बैंक की बिष्टुपुर शाखा में पैसा जमा करने गये ज्वेलर्स के कर्मचारी से 32 लाख रुपये लूट की वारदात पर झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने सरकार पर सवाल खड़े किये हैं. उन्होंने अपने ट्विटर पर इस घटना के बाबत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि अपराधियों की इतनी हिम्मत बढ़ना क्या संकेत है. राज्य पुलिस मुख्यालय से इस आलोक में पूछा कि दिन के उजाले में ऐसी वारदातों से जनता पर क्या प्रभाव होगा. बैंक जैसे प्रतिष्ठान सुरक्षित नहीं हैं. कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूर्णतया ध्वस्त हो चुकी है. जमशेदपुर की वारदात इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है. सूबे में अपराधी तांडव कर रहे हैं और कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर दिखाई दे रही है.
पुलिस की दिलचस्पी अपराध नियंत्रण में नहीं: दिनेश
जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी बैंक लूटकांड की घटना को लॉ एंड ऑर्डर की विफलता बताते हुए तीव्र आलोचना की है. कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सत्ता में आने के बाद से राज्य में अराजकता बढ़ी है. अपराधियों का हौसला सांतवें आसमान पर और कानून व्यवस्था अब तक के सबसे निचले पायदान पर है. सरकार की दिलचस्पी ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर राजस्व वसूली में है ना कि अपराध नियंत्रण पर. दिनेश कुमार ने कहा कि व्यापारियों, महिलाओं सहित आम नागरिकों में डर व्याप्त है.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर: 20 सेकेंड में 32 लाख की लूट से कारोबारी गुस्से में, व्यापारिक संगठनों का प्रदर्शन आज




