
Jamshedpur : सोनारी एयरोड्राम के समीप पुराना थाना रोड स्थित बाजार में दुकानों के आग लगाने के मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय तेजु कुम्भकार को गिरफ्तार किया है. वह मूल रुप से एमजीएम थाना क्षेत्र के नारगा स्थित बेलाजुड़ी का रहनेवाला है. पिछले अक्टूबर महीने से वह सोनारी के बुधराम मुहल्ला में रहते हुए कागलनगर स्थित एक चाउमीन दुकान में काम कर रहा था. पुलिस ने घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने के बाद उसे कागलनगर से ही धर-दबोचा. घटना बीते शनिवार की आधी रात के बाद की है. बाइक से घूम-घूमकर बाजार के छह दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था. इस मामले में पीड़ित दुकानदारों में शामिल सोनारी डिस्पेंसरी रोड निवासी अरुणा देवी के बयान पर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उसके बाद मामले के उद्भहेदन करने और कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक कमल किशोर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आस-पास कई लोगों से पूछताछ की. साथ ही घटना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान शुरु कर दी गई. इसमें पुलिस को सफलता मिली और घटना के चौबीस घंटे बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस की जांच टीम में ये थे शामिल
पुलिस की जांच टीम में पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-टू कमल किशोर के अलावा सोनारी थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुखसागर सिंह चौधरी, पंकज कुमार सिंह, विनय कुमार मिश्रा, सहायक अवर निरीक्षक बालमुकुन्द प्रसाद वर्मा एवं सोनारी थाना के चालक कृष्णा कुमार रजक शामिल थे.




