Jamshedpur

राजस्व संग्रह के लक्ष्य के करीब पहुंचा जिला परिवहन विभाग, 187 करोड़ था टागरेट, अब तक 140 करोड़ की वसूली

Jamshedpur : जिला परिवहन विभाग 2021-22 वित्तीय वर्ष के लिए झारखंड सरकार द्वारा दिये गये 187 करोड़ के राजस्व वसूली का लक्ष्य के करीब पहुंच गया है. विभाग ने कोरोना महामारी के बावजूद दिये गये लक्ष्य 187 करोड़ में से अब तक 140 करोड़ की वसूली पूरी कर ली है. जिला परिवहन विभाग को पिछले वित्तीय वर्ष 2020- 21  में 170 करोड़ राजस्व संग्रह का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन इस वर्ष इसे बढ़ा कर 187 करोड़ कर दिया गया.

जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश कुमार रंजन के अनुसार शहर में नो पार्किंग,  हेलमेट,  डिफॉल्टरों सहित अन्य मामलों में सिर्फ दिसंबर 2021 माह में 3832650 रुपये की वसूली की गयी है, जबकि पूरे वर्ष में डेढ़ से दो करोड़ की वसूली की गयी. वहीं वाहनों के रजिस्ट्रेशन से अप्रैल 2021 से दिसंबर 2021 तक में 26 620 दोपहिया वाहनों की रजिस्ट्री हुई है, जबकि 5705 चारपहिया वाहनों की रजिस्ट्री हुई है. अगर पिछले वित्त वर्ष 2020-21 की तुलना करें, तो चालू वित्त वर्ष में वाहनों का रजिस्ट्रेशन कम हुआ है. 2020-21 में 39 हजार दोपहिया वाहनो और 7 684 चारपहिया वाहनों की रजिस्ट्री हुई थी. इसका मुख्य कारण कोरोना महामारी को माना जा रहा है. फिलहाल विभाग सरकार के मुख्य टारगेट से 15 प्रतिशत यानी मात्र 45 करोड़ से पीछे है, जिसे 2  महीने में पूरा कर लेने का दावा किया जा रहा है. आपको बता दें कि पूरे राज्य में पूर्वी सिंहभूम जिला, सरकार द्वारा दिये गये टारगेट को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है. यही वजह है कि विगत कुछ वर्षों में प्रत्येक वित्तीय वर्ष के लिए एक नया टारगेट दिया जाता है, जिसे पूर्वी सिंहभूम जिला परिवहन विभाग पूरा करता है.

इसे भी पढ़ें – 10 लाख का इनामी माओवादी नक्सली महाराज प्रमाणिक ने एके-47 सहित किया सरेंडर

Related Articles

Back to top button