
Jamshedpur : लौहनगरी में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का कहर जारी है. मंगलवार को भी दो लोगों की मौत हुई. पिछले 18 दिनों में 36 कोरोना पीड़ितों की मौत हो चुकी है. मंगलवार को जिले में 542 नये कोरोना के नये मरीजों की पहचान हुई है. मरीजों में सबसे ज्यादा 74 टेल्को में, मानगो में 44 साकची में 41, घाटशिला में 97 और कदमा 58 मरीज मिले हैं. साथ ही जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से भी मरीजों का मिलना जारी है. अब तक जिले में 64051 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है. इनमें एक्टिव केसों की संख्या 6175 है. अब तक कोरोना की चपेट में आकर 1098 लोगों की मौत हो चुकी है. मंगलवार को 1081 लोग कोरोना से ठीक हो गये. कोरोना से संक्रमित होनेवालों की अपेक्षा ठीक होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी भी है. इसे स्वास्थ्य विभाग अच्छा संकेत मान रहा है. मंगलवार को जिन दो कोरोना मरीजों की मौत हुई, वे टीएमएच में भर्ती थे. इसमें एक सोनारी निवासी 48 वर्षीय पुरुष लीवर की बीमारी से पीड़ित थे. उन्हें 15 जनवरी को संक्रमित पाये जाने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. दूसरे बिष्टुपुर निवासी बुजुर्ग थे. उन्हें उच्च रक्तचाप की शिकायत थी.
इसे भी पढ़ें – जोजोबेड़ा के युवक की मौत पर टीएमएच ने लापरवाही के आरोप से किया इनकार, कहा- सर्वश्रेष्ठ इलाज किया गया था




