
Jamshedpur : शहर में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ानी शुरु कर दी है. बुधवार को जिले के उपायुक्त सूरज कुमार और एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने शहर के विभिन्न चेकनाकों का निरीक्षण किया. इसमें सोनारी में मरीन ड्राइव नया पुलिस के समीप बना चेकनाका भी शामिल रहा. दोनों अधिकारियों ने वहां से आने-जानेवालों की सख्ती से जांच के निर्देश दिये. मौके पर उपायुक्त सूरज कुमार ने कहा कि शहर ने कोरोना वायरस के पहले और दूसरे लहर की त्रासदी को देखा है. अब तीसरे लहर की संभावना प्रबल हो रही है. इसे लेकर लापरवाही बरतने पर हालात बेकाबू हो सकते हैं. उन्होंने जिले वासियों से प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. साथ ही कोरोना के गाइड-लाइन का गंभीरता से पालन करने की बात कही. बता दें कि शहर में दिन-ब-दिन कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं. इसे लेकर ही प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. शहर के चौक-चौराहों पर पहले से ही कोरोना नियमों के पालन को लेकर पुलिस प्रशासन ने अभियान शुरु कर दिया है. फिलहाल जिस तरह से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं उसे यह अभियान तेज होना तय माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- कर्ज में डूबे होटल व्यवसायी ने फांसी लगाकर दी जान




