JharkhandLead NewsRanchi

यूपी विधानसभा चुनाव में झारखंड के भाजपाई और कांग्रेसी भी संभालेंगे कमान

Gyan Ranjan

Ranchi: पांच राज्यों में होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर देश की राजनीति गरम है. खासकर यूपी विधानसभा का चुनाव सबसे रोचक है और देश की प्रमुख राष्ट्रीय दल भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा जुडी हुई है. यही वजह है कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां झारखंड में भी देखी जा रही हैं. झारखंड भाजपा और कांग्रेस उत्तरप्रदेश के अपने नेताओं की जीत सुनिश्चित कराने के लिए रणनीति बनाने में जुट गई है. दोनों ही दलों ने अपने कई नेताओं को यूपी में लगा रखा है.

भाजपा ने जहां विधानसभा चुनाव की घोषणा से पूर्व ही झारखंड के कई नेताओं को उत्तरप्रदेश में लगा रखा है वहीँ कांग्रेस भी अपने कई विधायकों को यूपी प्रवास पर भेजा है. भाजपा ने केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी को यूपी चुनाव का सह प्रभारी ही बना दिया है और उन्हें कानपुर प्रक्षेत्र में लगाया है. पिछले दो महीने से ज्यादा समय से अन्नपूर्णा देवी लगातार कानपूर प्रक्षेत्र के विभिन्न प्रभागों में कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद कर रही हैं.

उन्होंने अबतक तीन दर्जन से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा संचालन समिति, महिला समिति, युवा मोर्चा, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारियों, बूथ कमिटियों के साथ बैठक की है. इसी तरह झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी पिछले डेढ़ महीने से उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रवास कर रहे हैं. उनका केंद्र प्रयागराज है. उन्होंने अब तक दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों की विधानसभा संचालन समिति, मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारियों के साथ बैठक की है.

इसे भी पढ़ें – इसी माह जेटेट की नयी नियमावली को मिलेगी कैबिनेट की मंजूरी, साल के अंत तक हो जायेगी तीसरी परीक्षा

बिहार विधानसभा चुनाव में भी अन्नपूर्णा ने दर्जनों विधानसभा में किया था कंपैन

केंद्र में शिक्षा राज्य मंत्री बनने से पहले अन्नपूर्णा देवी को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था. बिहार विधानसभा चुनाव के समय भी पार्टी ने इनका खूब उपयोग किया था. इन्हें कोडरमा से सटे गया, बोधगया, रजौली, नवादा सहित कई विधानसभा में लगाया ही गया था बाद में इनको अररिया, फारबिसगंज, जोगबनी आदि विधानसभा क्षेत्र में भी भेजा गया था. अधिकांश विधानसभा सीटों पर भाजपा को सफलता भी मिली थी. केंद्र में शिक्षा राज्य मंत्री बनने के बाद इन्हें यूपी चुनाव में सह प्रभारी बनाकर महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है. मालूम हो कि जिस जगह की जिम्मेवारी अन्नपूर्णा देवी को दी गयी है वो एक समय समाजवादी पार्टी का गढ़ हुआ करता था.

इसे भी पढ़ें – सलूजा गोल्ड के चेयरमैन को अमेरिकी यूनिवर्सिटी ने किया सम्मानित, डॉक्टरेट की मिली उपाधि

असम और बिहार में अच्छा काम कर चुके हैं धर्मपाल

झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह असम और बिहार में हुई विधानसभा चुनाव के दौरान अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं. कार्यकर्ताओं के साथ संबंध बनाने और उन्हें उत्प्रेरित करने में धर्मपाल सिंह को महारत हासिल है. मेरठ के होने तथा विद्यार्थी परिषद की पृष्ठभूमि से आने के कारण संगठन ने उन्हें इस बार एक बड़ी जिम्मेवारी सौंपी है. उन्होंने पिछले डेढ़ महीने के दौरान अब तक सिराथु, करछना, बारा, मेजा, कोराओ, मंझनपुर, चायल, हंडिया, फूलपुर, चुनार, सैयदराजा, सकलडिहा, मडिहान, रॉबर्टसगंज, बाबागंज, रामपुर खास, प्रतापगढ़ सदर, विश्वनाथगंज, पट्‌टी, रानीगंज, जगदीशपुर तथा अमेठी विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध कार्यकर्ताओं के बैठक कर वहां के कील-कांटे को दुरुस्त कर दिया है.

12 विधानसभा क्षेत्रों में झारखंड के करीब 450 कार्यकर्ता संभालेंगे कमान

मिली जानकारी के अनुसार, यूपी के 12 विधानसभा चुनाव क्षेत्र की बागडोर झारखंड के भाजपा नेता संभालेंगे. सोनभद्र और चंदौली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में, तो मिर्जापुर और काशी संभाग में कुछ विधानसभा क्षेत्रों में यहां के कार्यकर्ता जाएंगे. 12 विधानसभा क्षेत्रों में झारखंड के करीब 450 कार्यकर्ता जाएंगे. इनमें पार्टी के वरीय नेता तो शामिल होंगे ही, गढ़वा और पलामू के जिलास्तरीय नेताओं की भी पूरी पलटन रहेगी. सोनभद्र जिले के चार विधानसभा क्षेत्र घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी के अलावा चंदौली जिले के सैयदराजा, चकिया, सकलडीहा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में भी झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रवास होगा. ये सभी उक्त क्षेत्रों में अपने-अपने मित्रों और परिचितों को भाजपा के पक्ष में वोट करने को प्रेरित करेंगे. साथ ही छोटी-छोटी बैठकें कर भाजपा के पक्ष में जनमानस को गोल बंद करेंगे.

कांग्रेस के एक दर्जन विधायक हैं यूपी में

झारखंड कांग्रेस के एक दर्जन विधायक को पार्टी ने यूपी चुनाव में लगाया है. इसके आलावा दर्जनों कार्यकर्ताओं को भी यूपी चुनाव में भेजा गया है. चार दिन पहले कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद, ममता देवी, उमाशंकर अकेला, राजेश कश्यप सहित अन्य को पार्टी ने यूपी चुनाव प्रचार में जुट जाने का निर्देश दिया है. कई विधायक यूपी में जम गए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की माने तो झारखंड के कांग्रेसी पूरी ताकत के साथ यूपी विधानसभा चुनाव में काम करेंगे. मालूम हो कि पूर्व में ही कांग्रेस राष्ट्रीय नेतृत्व ने विधायक दीपिका पाण्डेय सिंह को बड़ी जिम्मेवारी देते हुए उत्तराखंड का प्रभारी बनाया था.

इसे भी पढ़ें – दारोगा लालजी यादव की संदेहास्पद मौत की उच्चस्तरीय जांच हो, प्रताड़ित करनेवाले अधिकारियों को कड़ी सजा मिले : अन्नपूर्णा देवी

Related Articles

Back to top button