
Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर के पीछे स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम सेंटर पर खड़े एक ठग ने एक के बाद एक दो लोगों को अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खाते से कुल 1 लाख 20 हजार रुपये उड़ा डाला. इसमें पहली निकासी उसने मानगो के नीलकमल ऑटो और दूसरी निकासी मानगो के आजादनगर स्थित एटीएम सेंटर से की. इन दोनों ही मामलों के शिकार लोगों ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. ठगी के एक शिकार उत्तम कुमार साव जिला उपायुक्त कार्यालय में संविदा पर काम करते है. उनके मुताबाकि वे बुधवार की सुबह साकची के एसबीआई एटीएम सेंटर गए थे. वहां से चार हज़ार रुपये निकालकर जैसे ही उन्होंने एटीएम सेंटर से निकलने की कोशिश की, तभी वहां खड़े एक व्यक्ति ने उन्हें यह कहा कि उन्होंने रसीद नहीं लिए. इस पर उन्होंने मशीन में दोबारा एटीएम कार्ड डाला, ताकि रसीद निकल जाए. उसी बीच उस व्यक्ति ने उनके कार्ड पर हाथ रखा दिया. इस पर उन्होंने मना किया तो उसने अपने हाथ से कार्ड निकालकर उन्हें पकड़ा दिया. उसी बीच उनकी कार्ड की जगह उस व्यक्ति ने उनके केनरा बैंक के कार्ड की तरह ही दूसरा एटीएम कार्ड पकड़ा दिया. हालांकि इस पर उत्तम कुमार का ध्यान नहीं गया. जब वे एटीएम सेंटर से घर पहुंचे तो उनके मोबाइल पर 67 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आ गया. उसी में नील कमल ऑटोमोबाइल्स दो बार ऑनलाइन भुगतान शामिल है. पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है.
इसे भी पढ़ें:बड़ाजामदा में खड़े हाइवा को शौचालय टैंकर ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल




