
Jamshedpur : पुलिस प्रशासन की लाख सक्रियता के बावजूद छठ पर्व के दौरान चोर गिरोह की सक्रियता कम नहीं रही. इस दौरान मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड करीब साढ़े तीन लाख की चोरी हुई. वहीं सिदगोड़ा में बंद घर में तीन लाख की चोरी के अलावा चोरों ने खऱना के दिन परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर के भी एक घर में धावा बोला. इसके अलावा विभिन्न घाटों पर भी मोबाइल चोर गिरोह सक्रिय रहा. इस दौरान जुगसलाई के महाकालेश्वर घाट से दर्जन भर से अधिक मोबाइल-पर्स चोरी का मामला भी सामने आया है. इतना ही नहीं, एक महिला के गले से सोने की चेन की भी छिनतई हो गई. इस तरह के मामले शहर के अन्य नदी घाटों पर भी सामने आए हैं. कई छिटपुट मामलों की थाना तक शिकायत भी नहीं पहुंचने की बात सामने आ रही है.
रिश्तेदार के घर गई थी प्रसाद खाने, घर में हो गई डेढ़ लाख की चोरी
छोटा गोविंदपुर निवासी अर्चना भगत के घर खरना के दिन उस समय चोरों ने धावा बोला जब वह परिवार के साथ प्रसाद खाने अपने रिश्तेदार के घर गई थी. उसी दौरान घर का ताला तोड़कर चोरों ने 30 हजार नकद समेत करीब डेढ़ लाख के जेवरातों की चोरी कर ली. इस मामले में परसुडीह थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जुगसलाई पुलिस ने दो नाबालिग को लिया हिरासत में
इधर, जुगसलाई महाकालेश्वर घाट पर मोबाइल, पर्स और चेन की चोरी के मामले में पुलिस तब हरकत में आई जब घाट पर मौजूद पुलिस कर्मियों से लोगों ने घटना की शिकायत की. इस मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने दो नाबालिग को हिरासत में लिया है. आगे मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें- बीमा की राशि हड़पने के लिए बेटे ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या




