Lead NewsNationalNEWSTOP SLIDER

भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खेलना लगभग तय, जानें-समीकरण

New Delhi: अब भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खेलना तकरीबन तय हो गया है. बार्डर गावस्कर ट्रॉफी में टेस्ट में नंबर वन टीम ऑस्ट्रेलिया को दो मुकाबले में हराने के साथ ही अगर-मगर की गुंजाइश लगभग खत्म होती जा रही है. यह दूसरा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप है. भारत ने पहला भी खेला था, लेकिन तब न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था. फिलहाल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया नंबर वन टीम है. मौजूदा स्थिति में खिताबी मुकाबला भारत व ऑस्ट्रेलिया के बीच संभावित है.

 

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल में अभी ऑस्ट्रेलिया पहले, भारत दूसरे, श्रीलंका तीसरे और साउथ अफ्रीका चौथे नंबर पर है. साउथ अफ्रीका को अपने घर में वेस्टइंडीज से दो टेस्ट और खेलने हैं. अगर अफ्रीकी टीम ये दोनों मुकाबले जीत लेती है तो उसके 55.55% पॉइंट्स हो जाएंगे. इधर, अगर भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज के बाकी दो मुकाबले हार भी जाता है तो भी उसके 56.94% पॉइंट्स होंगे. जाहिर है भारतीय टीम को अब दक्षिण अफ्रीका से कोई खतरा नहीं है.

 

दूसरी ओर तीसरे नंबर पर मौजूद श्रीलंका की टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैच खेलने हैं. अगर श्रीलंका क्लीन स्वीप कर लेता है तो उसके 61.11% पॉइंट्स होंगे। इस स्थिति में भारत को ऑस्ट्रेलिया से मौजूदा सीरीज में एक टेस्ट और जीतना होगा. हालांकि, इस संभावना नहीं के बराबर है. श्रीलंका के लिए न्यूजीलैंड में दोनों टेस्ट जीत पाना बहुत ही मुश्किल है। श्रीलंकाई टीम वहां एक भी टेस्ट हारी या एक भी मुकाबला ड्रॉ रहा तो भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट जीतकर ही फाइनल में अपनी जगह पक्का कर लेगा. इसकी पूरी संभावना है.

 

मालूम हो कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 से 11 जून तक लंदन स्थित ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर होगा. पहले सीजन में केन विलियमसन की कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम चैंपियन बनी थी. कीवी टीम ने साउथैम्टन में खेले गए फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराया था.

Related Articles

Back to top button