
Ghatshila : लोकआस्था का महापर्व गुरुवार को उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ सम्पन्न हो गया. इसके साथ ही छठव्रतियों के 36 घण्टे का निर्जला उपवास भी पूरा हुआ. सोमवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व के तीसरे दिन बुधवार को छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पण किया था. इसी तरह, गुरुवार की अहले सुबह उगते सूर्य का ध्यान कर अर्घ्य अर्पण किया गया. इससे पूर्व छठव्रती माथे पर दउरा लेकर छठ घाट पहुंचे तथा स्नान-ध्यान कर भगवान भास्कर की आराधना की. इस दरम्यान महिलाओं ने छठ की लोकगीत गाया तो पुरुषों ने घाट पर सूप को सजाने का कार्य किया. छठ पूजा को लेकर बच्चे काफी उत्साहित दिखे. कई छठव्रती बाजे-गाजे के साथ छठ घाट पहुंचे थे. गुरुवार की सुबह विधायक रामदास सोरेन, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, वरीय भाजपा नेता लखन मार्डी, एसडीओ सत्यवीर रजक, बीडीओ कुमार एस अभिनव, सीओ राजीव कुमार, मजदूर नेता बीएन सिंहदेव, ओमप्रकाश सिंह, जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, ब्लॉक प्रमुख हीरामनि मुर्मू समेत कई गणमान्य लोगों ने भी अर्घ्य दिया. मऊभंडार में हजारों छठव्रतियों के लिए अरुणोदय पूजा समिति की ओर से व्यापक बंदोबस्त किए गए थे. प्रशासन की ओर से पूजा के दरम्यान विधि-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य किया गया. छठ पूजा पर आशादीप अगरबत्ती के प्रोपराइटर अभय उर्फ आशु दूबे की ओर से निः शुल्क अगरबत्ती का वितरण भी किया गया था. एबीवीपी की ओर से छठव्रतियों के बीच निःशुल्क दूध का वितरण किया गया.
इसे भी पढ़ें- बीमा की राशि हड़पने के लिए बेटे ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या




