ChaibasaJharkhand

चाईबासा : सिगरेट पीने के बहाने युवक को घर से बुलाकर ले गया, सुबह मिली लाश

chaibasa :  मनोहरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक अर्जुन रौतिया (34) की पत्थर से वार कर हत्या कर दी गयी. घटना शनिवार रात की है. अर्जुन बिंजु के कंबा टोली का निवासी था. उसकी पत्नी बिरसमनी रौतिया ने बताया कि शनिवार शाम एक युवक घर आया और अर्जुन को सिगरेट पीने के बहाने से चलने को कहा. अर्जुन के मना करने के बावजूद वह जिद कर उसे अपने साथ ले गया.  एक अन्य युवक घर के बाहर बैठा था. कुछ देर तक जब अर्जुन नहीं लौटा, तो पत्नी घर से बाहर निकली. उसने देखा कि घर के बाहर बैठा दूसरा युवक भी वहां नहीं था. बिरसमनी रातभर अर्जुन को ढूंढती रही, लेकिन उसका पता नहीं चला. रविवार सुबह खोजबीन करने पर कंबाटोली से बिंजु स्कूल जाने के कच्चे रास्ते के किनारे अर्जुन की लाश मिली. घटनास्थल पर  खून से सना एक पत्थर भी मिला. हत्या की सूचना मिलने पर मनोहरपुर डीएसपी दाऊद किडो के नेतृत्व में आनंदपुर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया. पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुट गयी है.  डीएसपी दाऊद किडो ने बताया कि पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है. मृतक के परिजनों द्वारा दी गयी जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.

इसे भी पढ़ें – मानगो में जुआ अड्‌डे से लोडेड देशी कट्‌टा और गोली के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

Related Articles

Back to top button