
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमती नजर नहीं आ रही है. ताजा घटना बीती रात मिल्लतनगर में निर्माणाधीन पानी की टंकी से करीब डेढ़ लाख की उपकरण की चोरी का है. चोरों ने पानी टंकी पर धावा बोला और मशीन के मोटर, एंगल समेत अन्य सारे सामान उठा ले गए. प्रोजेक्ट इंचार्ज अजीत पाठक ने बताया कि घटना मंगलवार की रात करीब एक बजे की है. उन्होंने यह भी बताया कि आए दिन निर्माणाधीन टंकी के पास से कुछ ना कुछ सामानों की चोरी होती रहती है. बीते दिनों ही वहां खड़ी जेसीबी की बैट्री की चोरी हो गई थी. इधर बीती रात हुई चोरी की घटना की सूचना प्रोजक्ट इंचार्ज ने कपाली पुलिस को दी. उसके बाद कपाली ओपी के एएसआई संतोष उरांव ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की. पुलिस आगे मामले की जांच में जुटी हुई है. मालूम हो कि कपाली क्षेत्र में लगातार एक के बाद चोरी की घटनाएं घट रही है. इससे क्षेत्र के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- सरायकेला केंदुआ में ग्रामीणों को दी गई मनरेगा की जानकारी




