JamshedpurJharkhand

दूसरी लहर में शहर ने सैकड़ों को खोया, बाजारों में ऐसे ही भीड़ लगायेंगे तो फिर से पछतायेंगे

Jamshedpur : लौहनगरी के लोगों के लिए अलर्ट की घंटी बज चुकी है. क्योंकि पिछले 6 दिनों में जमशेदपुर में कोरोना संक्रमण के 23 नये मामले सामने आये हैं. स्वास्थ्य विभाग चिंतित है और  जिला प्रशासन कोरोना की तीसरी लहर की आशंका और त्योहारों के मौसम को देखते हुए कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन करवाने में जुट गया है. लेकिन लोग इस बारे में कितने जागरूक हैं,इसे देखने के लिए सोमवार को न्यूजविंग की टीम ने शहर के बाजारों में गयी.

साकची बाजार  – भीड़-भड़क्का अपार

साकची बाजार के अंदर लोगों की भीड़ और दुकानदारों की लापरवाही देख कर लग ही नहीं रहा था कि अभी कुछ ही दिन पहले  कोरोना की दूसरी लहर में लोगों ने कितने ही अपनों को खोया है. लोग बेपरवाह होकर भीड़ लगाकर खरीदारी और  दुकानदारी में लगे हुए है

जहां हैं ज्यादा मॉल वहीं सबसे बुरा हाल 

साकची आई हॉस्पिटल से ओल्ड बुक स्टोर तक जाने वाली सड़क यानी साकची एसएनपी एरिया में  शहर के सबसे ज्यादा मॉल हैं. खरीदारों को लुभाने के लिए एक से एक नये तरीके इजाद करते रहते हैं. त्योहार के मौसम में लाउडस्पीकर पर ऑफरों का अनाउंसमेंट कर  ग्राहकों को लुभाने पर ज्यादा जोर रहता है, लेकिन कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाना किसी भी मॉल के मैनेजर को याद नहीं है.

लोग अपार-गाड़ियों की कतार

सोशल डिस्टेंसिंग और सेनीटाइजर तो जैसे मानो लोग भूल ही गये हैं. बाजार के अंदर और सड़क किनारे की दुकानों के बाहर लोग लापरवाह होकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते हुए खरीदारी करते नजर आ रहे हैं. बाजारों के अंदर और बढ़ती हुई भीड़ का असर शहर की सड़कों पर देखा जा सकता है. शाम होते ही शहर की सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतार देखी जा सकती है, जिसके कारण सड़क पर घंटों जाम स्थिति बनी रहती है.

सिविल सर्जन ने कहा-खतरा है सिर पर सवार

जिले के सिविल सर्जन डॉक्टर एके लाल ने न्यूजविंग की टीम से बात करते हुए कहा है कि लोगों को कतई भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए. जिले में भले ही संक्रमितों की संख्या कम हुई हो, पर तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है. लोगों को वैक्सीनेशन के साथ-साथ भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए. साथ ही अगर किसी कारण बाजार जाना भी पड़ रहा है, तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क पहनने और सेनीटाइजर साथ रखना नहीं भूलना चाहिए. तभी हम मिलकर कोरोना से जंग जीतेंगे.

जिला प्रशासन की अपील- जरा भी न दें ढील

एडीएम नंदकिशोर लाल ने न्यूजविंग बात करते हुए जिले वासियों से अपील की है कि त्योहार को देखते हुए किसी भी तरह की भावना में ना बहें. डबल लेयर मस्क ,सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजर का उपयोग करें. साथ ही भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें. अगर हम इस समय लापरवाही बरतेंगे, तो दूसरी लहर से भी ज्यादा विकट परिस्थिति हमारे सामने आ सकती है.

इसे भी पढ़ें – धालभूमगढ़: मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के योग्य लाभुकों के बीच बंटे स्वीकृति पत्र

Related Articles

Back to top button