
Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया स्थित शाह अपार्टमेंट में रहनेवाली जमा देवी को सोमवार को दिन-दहाड़े दर्जन भर से अधिक लोगों ने हाथ-पैर बांध कर अगवा कर लिया. अपहर्ता महिला को सिल्वर कलर की इनोवा कार से ले गये. यह घटना प्रेम प्रसंग को लेकर घटी बतायी जाती है. अपहरण की इस वारदात के खिलाफ महिला के परिजनों ने हिंदू संगठनों के सदस्यों के साथ बिष्टुपुर थाना के समक्ष प्रदर्शन किया.अगवा की गयी महिला के पति लखन दास ने बताया कि घटना के वक्त ड्यूटी पर थे. घर में उनकी बेटी संजीदा दास और पत्नी जमा देवी थे. उसी दौरान करीब एक दर्जन लोग घर में घुस आये. उनकी नीयत उनकी बेटी को अगवा करने की थी. लेकिन पत्नी के विरोध करने पर उन लोगों ने बेटी को छोड़ दिया और उनकी पत्नी के हाथ-पैर बांध दिये और उसे काटने की धमकी देने लगे. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, हमलावर उसे जबरन गाड़ी तक ले गये और लेकर फरार हो गये.
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार लखन दास का बेटा सचिन दास बड़बिल में काम करता है. आरोप है कि वह प्रेम प्रसंग में एक मुसलिम लड़की को लेकर फरार हो गया है. सोमवार को ल़ड़की के परिजन लड़के के घर का पता लगा कर सीएच एरिया पहुंचे थे. वहां ने लोग लड़के का पता बताने अन्यथा लखन दास की बेटी को साथ ले जाने की धमकी दे रहे थे. उन्होंने पूरे परिवार को काट डालने की धमकी भी दी. जब लखन की पत्नी ने पुरजोर विरोध किया, तो हमलावर उसे ही बांध कर उठा ले गये. जाते-जाते धमकी दी कि अगर लड़का-लड़की को उनके हवाले न किया तो अंजाम बुरा होगा. इस मामले में थाने पहुंचे बजरंग दल के जनार्दन पांडेय ने कहा कि शहर में इस तरह की घटनाओं में काफी बढ़ोत्तरी हो रही है. प्रशासन को समय रहते चेत जाना चाहिए. अन्यथा शहर का माहौल खराब हो सकता है.




