
Khunti: खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. दो ट्रकों के आमने-सामने टकरा जाने से हादसा हुआ. दोनों वाहनों के चालक इस दुर्घटना का शिकार हो गए और उनकी मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए.
इसे भी पढ़ेंःJharkhand Corona Update: 24 घंटे में रांची में दो संक्रमित मिले और राज्य में 11
दोनों ट्रकों के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गये. सूचना मिलते ही तोरपा थाने के पुलिस इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह, थाना प्रभारी अरविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को ट्रक से बाहर निकलवाया. गैस कटर की सहायता से काटकर दोनों ट्रकों में फंसे शवों को बाहर निकाला गया. इस घटना में एक ट्रक का खलासी बुरी तरह घायल हो गया. अत्यंत नाजुक स्थित में उसे रेफरल अस्पताल तोरपा में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार सामान लदा एक लाइन ट्रक(आरजे19 ई 2513) खूंटी से सिमडेगा की ओर जा रहा था. कुल्डा जंगल के पास विपरीत दिशा से आ रहे लाइन ट्रक(एनएल 01जी 1309) से उसकी टक्कर हो गयी. पुलिस ने दोनों ट्रकों के मालिकों को दुर्घटना की सूचना दे दी है. समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है.

कुल्डा जंगल में बार-बार होती है दुर्घटना
तोरपा थाना क्षेत्र के कुल्डा जंगल काफी खतरनाक माना जाता है. अब तक दर्जनों दुर्घटना उस स्थान पर हो चुकी है. इसके बाद भी प्रशासन द्वारा चेतावनी का न कोई साइनबोर्ड लगाया गया है और न ही स्पीड ब्रेकर. इसके कारण बाहर से आनेवाले वाहन चालकों को स्थिति का पता नहीं चल पाता और वे दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं.




