
DUBAI: पानी के अंदर अगर आपको खेलने-खाने की सुविधा मिले तो आप इसे क्या कहेंगे, जी हां दुबई ने दुनिया का सबसे गहरा स्विमिंग पूल बनाया है. इस पूल के अंदर अपार्टमेंट, होटल और दुकानें भी हैं. दुबई के पास नाद अल शेबा इलाके में ‘डीप डाइव दुबई’ नाम से यह स्विमिंग पूल तैयार किया गया है. इसे संयुक्त अरब अमीरात की मोतियों के लिए गोताखोरी की विरासत के हिसाब से बनाया गया है.

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन रशी अल मखतूम ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने लिखा कि डीप डाइव दुबई में एक दुनिया आपका इंतजार कर रही है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. इसकी तस्वीरें भी दुनियाभर में वायरल हो रही है.
An entire world awaits you at Deep Dive Dubai the world’s deepest pool, with a depth of 60 meters (196 feet) #Dubai pic.twitter.com/GCQwxlW18N
— Hamdan bin Mohammed (@HamdanMohammed) July 7, 2021
दुबई के डीप डाइव की गहराई 196 फीट (60 मीटर) है. इस पूल की क्षमता 1 करोड़ 40 लाख लीटर पानी की है जो ओलिंपिक साइज के 6 स्विमिंग पूल के बराबर है. 1500 वर्ग मीटर में फैली इस जगह के तापमान को 30 डिग्री सेल्सियस पर मेंटेन किया गया है.

इस पूल को पानी में डूबे एक शहर की तरह बनाया गया है. इसमें एक अपार्टमेंट और गैराज भी मौजूद है. इसमें स्कूबा डाइवर्स के लिए कई तरह के कोर्सेस की सुविधा भी उपलब्ध है. साथ ही एक गिफ्ट शॉप भी है. इसके अंदर एक रेस्तरां है जो 2021 के अंत तक खुला रहेगा. इसके अलावा 6 और 21 मीटर पर दो सूखे कमरे हैं, यानी कि यहां पर बिल्कुल भी पानी नहीं है.

इस पूल में एक अंडरवाटर फिल्म स्टूडियो भी है, जिसमें एडिटिंग रूम और वीडियो वॉल जैसी कई सुविधाएं मौजूद हैं. 56 अंडरवॉटर कैमरा के साथ पूल में अलग-अलग मूड के लिए 164 तरह की पूल लाइट्स लगाई गई हैं. पूल के पानी को हर छह घंटे बाद फिल्टर किया जाएगा. इसके लिए NASA की विकसित फिल्टर टेक्नोलॉजी और अल्ट्रा वॉयलेट रेडिएशन की मदद ली जाएगी. पानी का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं होने दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : Corona update: दुनिया में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 40 लाख के पार, जानें- कहां हुई है सबसे अधिक मौत




