
New Delhi : केंद्र सरकार ने 45 साल और इससे अधिक उम्र के अपने सभी कर्मचारियों को कोरोना टीका लगवाने के लिए कहा है. केंद्र सरकार की सलाह ऐसे समय में आई है जब देश में बीते कुछ हफ्तों में कोरोना के मामलों में बेतहाशा उछाल देखने को मिला है. फिलहाल, देश में 45 साल के ऊपर के लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा रही है.
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि केंद्रीय कर्मचारियों को टीकाकरण के बाद भी कोविड-19 से बचाव के दिशा निर्देशों का पालन करने का सुझाव दिया गया है, जिसमें लगातार हाथ धोना, सेनेटाइजेशन, मास्क या फेस कवर पहनना और सामाजिक दूरी शामिल हैं .
Centre issues order advising all its employees aged 45 years and above to get themselves vaccinated to contain the spread of COVID-19. pic.twitter.com/DDU38iycJf
— ANI (@ANI) April 6, 2021
इसमें कहा गया है कि सरकार स्थिति की गहरी निगरानी कर रही है और कोविड-19 के प्रसार की रोकथाम के दृष्टिगत टीकाकरण के लिए समूहों को प्राथमिकता देने के वास्ते अपनाई गई रणनीति के आधार पर 45 साल या उससे अधिक उम्र के सभी व्यक्ति टीकाकरण अभियान में हिस्सा ले सकते हैं .
केंद्र सरकार के सभी विभागों एवं मंत्रालयों को जारी इस आदेश में कहा गया है, ”उपरोक्त के मद्देनजर, 45 साल या उससे अधिक उम्र के सभी केंद्रीय कर्मचारियों को सुझाव दिया जाता है कि संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने के लिये वह टीकाकरण करवायें .”
इसे भी पढ़ें :TMC प्रत्याशी सुजाता ने BJP पर लगाया हमले का आरोप, दीदी बोलीं, ”डराने-धमकाने के हथकंडों” से नहीं घबराएंगी
क्या है टीकाकरण का हाल
देश में पिछले 24 घंटों में 43 लाख से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाया गया जो अब तक एक दिन में दी गई खुराकों के लिहाज से सबसे अधिक है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार तक के आंकड़ों के मुताबिक अब तक टीकों की कुल 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 डोज दी जा चुकी हैं.
मंत्रालय के सुबह सात बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, टीकाकरण अभियान के 80वें दिन टीके की कुल 43 लाख 966 खुराकें दी गईं जिनमें से 39 लाख 505 लाभार्थियों को पहली खुराक जबकि 4 लाख 461 लाभार्थियों को दूसरी डोज दी गई.
मंत्रालय ने कहा, “यह देश में अब तक एक दिन में दिए गए टीकों के लिहाज से सर्वाधिक है.” इसने कहा, “एक अन्य महत्त्वपूर्ण घटनाक्रम में, देश में कोविड-19 रोधी टीके की कुल संख्या 8.31 के आंकड़े को पार कर गई है. पहली खुराक का आंकड़ा भी सात करोड़ (7,22,77,309) का आंकड़ा पार कर गया है.”
सुबह सात बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक 12 लाख 83 हजार 816 सेशंस के माध्यम से 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 टीके दिए गए.
इनमें 89 लाख 60 हजार 61 स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं जिन्हें पहली खुराक दी गई और 53 लाख 71 हजार 162 ऐसे स्वास्थ्य कर्मी हैं जिन्हें दूसरी खुराक दी गई. इसके अलावा पहली खुराक पाने वाले अग्रिम मोर्चे के 97 लाख 28 हजार 713 कर्मी और दूसरी खुराक पाने वाले 42 लाख 64 हजार 691 कर्मी हैं.
इसे भी पढ़ें :कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर सिमडेगा से वापस लौटे चंडीगढ़ के 15 हॉकी खिलाड़ी
सर्वाधिक 81 लाख 27 हजार 248 खुराकें महाराष्ट्र में
इसके अलावा 60 साल से अधिक उम्र के 3 करोड़ 41 लाख 6 हजार 71 को पहली और 8 लाख 12 हजार 237 को दूसरी खुराक दी गई जबकि 45 साल से अधिक उम्र के 1 करोड़ 94 लाख 82 हजार 464 लाभार्थियों को पहली और 3 लाख 85 हजार 527 लाभार्थियों को दूसरी खुराक दी गई.
अब तक लगाए गए कुल टीकों में से 60 फीसदी डोज महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल में दी गई हैं.
आंकड़ों में बताया गया कि देश में लगे कुल 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 टीकों में से सर्वाधिक 81 लाख 27 हजार 248 खुराकें महाराष्ट्र में दी गई हैं. इसके बाद गुजरात में 76 लाख 89 हजार 507, राजस्थान में 72 लाख 99 हजार 305, उत्तर प्रदेश में 71 लाख 98 हजार 372 और पश्चिम बंगाल में 65 लाख 41 हजार 370 टीके लग चुके हैं.
मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड की पुष्टि के लिए की गई जांच 25 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है और संक्रमण की कुल दर में मामूली इजाफा हुआ है और यह 5.07 प्रतिशत हो गई है. भारत में रोजाना सामने आ रहे मामले लगातार बढ़ रहे है. मंगलवार को एक दिन मे कुल 96 हजार 982 मामले दर्ज किए गए.
इसे भी पढ़ें :महेंद्र सिंह धौनी का एक और धमाल, आइकॉनिक हेलीकॉप्टर शॉट से प्रेरित चॉकलेट की गयी लॉन्च




