
Kolkata : पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के लिए 31 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है. इस दौरान कई जगहों पर हिंसा की खबरें आई है. आरामबाग से तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी सुजाता मंडल ने बीजेपी पर हमले का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों ने उनका पीछा किया और एक मतदान केंद्र के पास उनके सिर पर चोट पहुंचाई.
इस घटना पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अलीपुरद्वार जिले में एक जनसभा के दौरान कहा कि वह ”डराने-धमकाने के इस प्रकार के हथकंडों” से नहीं घबराएंगी.
उन्होंने कहा, ”हमारी अनुसूचित जाति उम्मीदवार सुजाता जब मतदान केंद्र पहुंचीं, तो उन्होंने (बीजेपी कार्यकर्ताओं ने) उन्हें गंभीर चोट पहुंचाई. उन्होंने खानाकुल में भी एक अन्य उम्मीदवार पर हमला किया.
कैनिंग ईस्ट में सुरक्षा बलों ने हमारे उम्मीदवार शौकत मुल्ला को एक मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया. राज्य भर में हमारे उम्मीदवारों, पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले की इस प्रकार की कई घटनाएं हुई हैं.”
इसे भी पढ़ें :Bengal Election 2021 Phase 3 Voting: हिंसा के बीच मतदान जारी, 9 बजे तक 4.88 फीसद मतदान
हमले और हिंसा की 100 शिकायतें मिलीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सुबह से हमले और हिंसा की कम से कम 100 शिकायतें मिली हैं और निर्वाचन आयोग को इस बारे में जानकारी दी गई है, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी की रैलियों में ‘कम संख्या में लोगों के आने’ के बाद दिल्ली में उनके नेतृत्व ने यह गहरा षड्यंत्र रचा.
उन्होंने कहा, ”सुरक्षा बलों से मतदान केंद्र पर कब्जा करने के प्रयासों को नहीं रोकने को कहा गया है.” उन्होंने कहा, ”चुनाव शुरू होने के बाद से हमारे चार कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया. आप (बीजेपी) हमें इस प्रकार की हरकतों से डरा-धमका नहीं सकते.”
इसे भी पढ़ें :महेंद्र सिंह धौनी का एक और धमाल, आइकॉनिक हेलीकॉप्टर शॉट से प्रेरित चॉकलेट की गयी लॉन्च




